
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। म्यूचुअल फंड, एसआइपी, शेयर ट्रेडिंग और एफडी में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र की वालफोर्ट एलेन्सिया, सरोना निवासी गृहिणी एन. हुसैन की शिकायत पर पुलिस ने अमित कुमार और उसकी पत्नी कल्याणी दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने शिकायतकर्ता और उसके रिश्तेदारों व परिचितों से निवेश के नाम पर रकम ली थी। बाद में रिटर्न देना बंद कर दिया और दोनों लापता हो गए।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित एन. हुसैन, अमित कुमार और कल्याणी दुबे पहले से परिचित थे। दोनों ने म्यूचुअल फंड, एसआइपी और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिया। रकम की सुरक्षा को लेकर चिंता जताने पर अमित ने अपनी कंपनी जेडएनसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में कागजों पर पार्टनर या डायरेक्टर बनाने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने ससुर के स्वामित्व वाला मकान दोनों को किराए पर दिलवा दिया। कंपनी के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन का संचालन अमित और कल्याणी ही करते थे।
एन. हुसैन ने बताया कि उन्होंने करीब 1.20 करोड़ रुपये निवेश किए थे। इसमें एक करोड़ रुपये उनके ससुर ने मकान गिरवी रखकर और 20 लाख रुपये व्यक्तिगत ऋण लेकर जुटाए थे। हुसैन के ससुर सैयद जहांगीर, ननद और अन्य रिश्तेदारों की कुल 1.18 करोड़ 60 हजार रुपये की रकम तथा कांकेर, जगदलपुर और दुर्ग समेत अन्य स्थानों के परिचितों की 1.16 करोड़ 20 हजार रुपये, इस तरह कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये निवेश के नाम पर ली गई।
जब निवेश की रकम का रिटर्न मिलना बंद हुआ तो एन. हुसैन ने अमित से पैसे लौटाने और कंपनी में अपनी डायरेक्टरशिप समाप्त करने की बात कही। इस पर अमित ने सात जुलाई 2026 को रायपुर आकर हिसाब करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद अमित और कल्याणी का पता नहीं चला। दोनों किराए के मकान में घरेलू सामान छोड़कर चले गए और मकान में ताला लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।