
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बिरबिरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही 22 वर्षीय प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को संदेह था कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली थी।
इसी बात को लेकर वह करीब एक साल से रंजिश रखे हुए था। वारदात के दौरान उसने बुजुर्ग महिला के शरीर पर पहने जेवर और घर में रखे आभूषण भी लूट लिए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टंगिया और हंसिया समेत लूटे गए जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आठ अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने में सूचना दी कि सदाशी साहू और आसबती साहू की घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञ और डाग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के शव मिले। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान प्रमोद उर्फ राकी पर संदेह हुआ। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मृत्यु के बाद से वह बुजुर्ग दंपती को इसके लिए जिम्मेदार मानने लगा था। उसे यह भी जानकारी थी कि दंपती के पास जमीन है और आसबती साहू सोने-चांदी के जेवर पहनती थीं। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के साथ जेवर लूटने की नीयत भी वारदात की वजह बनी।
पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपित टंगिया और हंसिया लेकर छत के रास्ते बुजुर्ग दंपती के घर में दाखिल हुआ। पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू पर टंगिया से हमला किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर, गले, सीने और पेट पर धारदार हथियारों से वार किए। हमले में दोनों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी, 67.38 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹1-1 हजार, ऐसे चेक करें स्टेटस
वारदात के बाद आरोपित ने आसबती साहू के शरीर से चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने की खिनवा सहित घर में रखे आभूषण समेट लिए। पुलिस के मुताबिक, उसने हथियारों को धोकर बोरी में रखा और तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और जेवर बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।