
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। हार्ट अटैक और गंभीर हृदय रोग के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाएं और जीवनरक्षक इंजेक्शन अब आंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (एसीआई) में मरीजों को निशुल्क मिल रहे हैं। इनमें टेनेक्टेप्लेस (टीएनके-टीपीए), इवोलोकुमैब, मावाकैम्टेन, टिकैग्रिलोर और एज़ेटिमाइब जैसी आधुनिक दवाएं शामिल हैं। टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की बाजार कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये तक है। वहीं मावाकैम्टेन की कीमत करीब 21 से 22 हजार रुपये तक रहती है।
एसीआई के कार्डियोलाजी विभागाध्यक्ष डा. (प्रो.) स्मित श्रीवास्तव के अनुसार मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के आधार पर इन दवाओं का उपयोग किया जाता है। हार्ट अटैक के कुछ गंभीर मामलों में रक्त की नस में बने थक्के को घोलने के लिए टेनेक्टेप्लेस की जरूरत पड़ती है। अस्पताल में इसके 20, 30 और 40 मिलीग्राम के इंजेक्शन उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्ट्रेप्टोकाइनेज 15 लाख आईयू इंजेक्शन भी उपलब्ध है।
एसीआई में एंजियोग्राफी के दौरान इस्तेमाल होने वाला आम्निपेक और विजिपेक कंट्रास्ट भी अस्पताल की आपूर्ति में उपलब्ध है। इसके साथ एनोक्सापारिन, हेपरिन, नाइट्रोग्लिसरीन, निकोरैंडिल और अन्य जरूरी दवाएं भी मरीजों को उपचार के दौरान निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में 1.45 लाख साल के पेड़ों पर चली आरी, छत्तीसगढ़ के जंगलों में भी बोरर अलर्ट, वन विभाग ने शुरू किया सर्वे
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार गंभीर हृदय रोग में दवाओं पर होने वाला खर्च परिवार के लिए बड़ा आर्थिक बोझ बन सकता है। ऐसे में महंगी दवाओं की अस्पताल में उपलब्धता से मरीजों को राहत मिल रही है।
आंबेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि एसीआई में गंभीर हृदय रोगियों के उपचार में जरूरी दवाएं अस्पताल की व्यवस्था के तहत निशुल्क दी जा रही हैं। इससे आपात स्थिति में बाहर से दवा खरीदने की जरूरत भी कम हो रही है।