
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शुक्रवार को चार निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए। गुरुवार रात हुई समीक्षा बैठक के तुरंत बाद तबादला सूची जारी होने से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार, तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा को अब आमानाका थाने की जिम्मेदारी दी गई है। आमानाका के थाना प्रभारी सुधांशु बघेल को उरला थाने का प्रभार सौंपा गया है। उरला थाना संभाल रहे रोहित मालेकर अब तेलीबांधा थाने की कमान संभालेंगे। वहीं टिकरापारा थाने में पदस्थ निरीक्षक बालेश्वर लहरे को रक्षित केंद्र रायपुर भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा फेरबदल थानों में लंबित अपराधों की विवेचना और निराकरण की गति को लेकर की गई समीक्षा का नतीजा है। हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों ने थानों की कार्यप्रणाली, अपराध जांच की प्रगति और पेंडिंग केसों की स्थिति को लेकर बैठक की थी।

बैठक में मामलों के जल्द निराकरण और पुलिसिंग को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया था। उसी के बाद प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के मुताबिक यह तबादला आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेगा।
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा केस के आरोपी सौरभ चंद्राकर की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट में पेश, रिमांड पर लेगी ED