रायपुर के एसआईबी एनआईटी शाखा में बड़ी चोरी, खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे चोर
रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई की एनआईटी शाखा में चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर सेंध लगाई।
Publish Date: Tue, 01 Sep 2026 06:18:15 PM (IST)Updated Date: Tue, 01 Sep 2026 06:19:36 PM (IST)
एसबीआई बैंकHighLights
- राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल।
- साइबर और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस।
- दो दिन बैंक बंद रहने का उठाया फायदा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआइ) की एनआइटी शाखा को निशाना बनाया। चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और मैनेजर के केबिन में रखे कंप्यूटर के सीपीयू से हार्ड डिस्क, रैम और एसएसडी चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने स्ट्रांग रूम के ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़कर अंदर रखे सेफ को तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि कैश चोरी करने में सफल नहीं हो सके। चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़कर उनके तार काट दिए, ताकि वारदात के साक्ष्य मिटाए जा सकें। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर सरस्वतीनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार एसबीआइ की एनआइटी शाखा के मुख्य प्रबंधक उत्कर्ष देवागन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब छह बजे बैंक बंद कर स्टाफ मेन गेट पर ताला लगाकर घर चला गया था। इसके बाद 31 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे बैंक का गेट खोलकर कर्मचारी अंदर पहुंचे तो उन्हें बैंक के भीतर सामान अस्त-व्यस्त नजर आया।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने बैंक की एक खिड़की की ग्रिल को उसके जोड़ से काट दिया था। ग्रिल को टेढ़ा कर चोर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वे मैनेजर के केबिन तक पहुंचे।