
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने सोमवार को विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद दोपहर 12:55 बजे पदभार ग्रहण किया। इस दौरान समर्थक ढोल-नगाड़ों, पटाखों और पुष्प वर्षा से उनका स्वागत किए। वहीं नगर निगम में काफी समय तक जय श्रीराम के जयकारे लगते रहे।
समर्थकों के साथ पदभार समारोह में बड़ी संख्या में पार्षद और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी पहुंचे। इनके द्वारा भी जोर-जोर से जय श्रीराम के जयकारे लगाए गए। वहीं, निगम की कमान संभालने के बाद महापौर चौबे ने कहा कि वे जनता के सुझावों के साथ शहर का चहुंमुखी विकास करेंगी।
15 वर्ष बाद नगर निगम में भाजपा की सरकार बनी है। जनता में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं के मेहनत की यह जीत है। इस जीत की निगम के सभी पार्षदों को बधाई। निगम के विकास में शहर के सभी 70 पार्षदों को महापौर के रूप में मेरा सहयोग रहेगा।
सब मिलकर शहर विकास के लिए काम करेंगे। समर्थकों में झलका जोश, नए अध्याय की हुई शुरुआत इस दौरान समर्थकों में नई उम्मीदें और नगर विकास को लेकर जोश साफ झलक रहा था। महापौर के पदभार ग्रहण करने के बाद निगम में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है।
वहीं, अधिकारियों में भी नई महापौर लेकर खासा उत्साह है। नवीन कार्य शुरू करने के लिए अब बैठकों का दौर शुरू होगा। महापौर के पदभार ग्रहण करने के बाद एमआईसी के गठन और सभापति निर्वाचन को लेकर चर्चाएं और तेज हुई हैं।

इस दौरान मीनल चौबे निगम मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर में स्थापित गणेशजी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर महापौर कक्ष में पहुंचीं। उनके निगम पहुंचने से पहले निगम के बाहर पोर्च में बड़ी संख्या में समर्थक ढोल-नगाड़े के साथ मौजूद थे।
उनके पहुंचते ही पटाखे फूटने शुरू हो गए और ढोल-नगाड़ों के बीच बड़ी संख्या में समर्थकों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे ग्राउंड फ्लोर में पहुंचकर सबसे पहले भगवान गणेश के पास जाकर पूजा-अर्चना की और फिर अपने सभाकक्ष पहुंचकर पूजा-पाठ के बाद पदभार ग्रहण किया।
इस दौरान महापौर को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उन्होंने शुभ मुहूर्त में पदभार ग्रहण किया। उसके बाद से घंटों तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पदभार ग्रहण के वक्त महापौर कक्ष में पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
महापौर को बधाई देने वालों में पूर्व सभापति संजय श्रीवास्तव, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष जयंती भाई पटेल, अशोक पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष शताब्दी पांडेय मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- राहत का बजट: छत्तीसगढ़ में सड़कों का नेटवर्क, महिलाओं पर फोकस, कर्मचारियों का बढ़ाया DA
इसके अलावा नवनिर्वाचित पार्षद सूर्यकांत राठौड़, मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, महेंद्र खोडियार, संतोष साहू, गोपेश साहू, भोलाराम साहू, अवतार भारती बागल, मुरली शर्मा, गज्जू साहू, सरिता आकाश दुबे, गायत्री सुनील चंद्राकर, पुष्पा रोहित साहू, सुमन अशोक पांडेय सहित अन्य भी बधाई देने वालों में शामिल रहे।