
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के युवाओं को नई तकनीक और हुनर से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नवा रायपुर के ग्राम तेंदुवा में ₹200 करोड़ की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) का निर्माण किया जाएगा। इस संस्थान की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि का नि:शुल्क आवंटन कर दिया गया है।
इस आधुनिक संस्थान के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगार योग्य कौशल हासिल हो सकेगा।
नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) में प्रतिवर्ष 4,000 युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य रखा गया है। संस्थान में अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। संस्थान की रूपरेखा के अनुसार, दीर्घकालिक पाठ्यक्रमों (Long-term Courses) के तहत हर साल 1,000 युवाओं को गहन तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, अल्पकालिक कार्यक्रमों (Short-term Programs) के माध्यम से प्रतिवर्ष 3,000 युवाओं को विभिन्न कौशलों में पारंगत किया जाएगा, जिससे युवाओं को उद्योग-आधारित व्यावहारिक ज्ञान मिल सकेगा।
सुशासन की नीति के तहत राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक समय की मांग के अनुसार तैयार करना है। संस्थान में मिलने वाले आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी और उन्हें स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के उद्योगों में आसानी से अवसर मिल सकेंगे। यह कदम छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और रोजगार के मजबूत आधार के रूप में देखा जा रहा है।