
राज्य ब्यूरो, रायपुर : नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना का रास्ता जल्द साफ होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा करते हुए इसकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साइंस सिटी में 7-डी थियेटर, तारामंडल, स्पेस एंड एस्ट्रोनामी गैलरी, डिजिटल पैनोरमा और नवीकरणीय ऊर्जा पार्क जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे।
इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं से रूबरू कराना है। साथ ही प्रदेश के युवाओं और शोधकर्ताओं के नए आविष्कारों को पेटेंट के जरिए कानूनी संरक्षण दिलाने में सरकार मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल सरकारी विभागों और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में भी होना चाहिए। कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व विभाग की जरूरतों के अनुसार तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- पेंड्रावन जलाशय में खनन से 40 गांवों पर खतरा, भूपेश बघेल ने की एनओसी तत्काल निरस्त करने की मांग
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को विश्वविद्यालयों और कालेजों से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को शोध की सुविधाएं मिल सकें। बैठक में विज्ञान केंद्र में विकसित हो रही एआई गैलरी और सूरजपुर के मायापुर में कर्क रेखा के पास प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क पर भी चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें- रायपुर में 15 साल की किशोरी को फर्जी दस्तावेजों से 21 का बताकर कराई डिलीवरी, पॉक्सो एक्ट जुड़ा