पेंड्रावन जलाशय में खनन से 40 गांवों पर खतरा, भूपेश बघेल ने की एनओसी तत्काल निरस्त करने की मांग
117 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट में खनन अनुमति पर सियासत गरमा गई है। भूपेश बघेल ने जलसंकट की आशंका जताते हुए एनओसी और खनन परियोजना तत्काल निरस्त करने की मांग की।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 12:43:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 12:43:32 PM (IST)
भूपेश बघेल- पेंड्रावन जलाशय में खनन से 40 गांवों पर खतरा। (फाइल फोटो)HighLights
- सीमेंट कंपनी को 1722 एकड़ में चूना पत्थर खनन की अनुमति।
- डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों को दरकिनार करने का लगा आरोप।
- खनन से 40 से अधिक गांवों में जलसंकट गहराने की आशंका।
राज्य ब्यूरो, रायपुर : 117 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में चूना पत्थर खनन की अनुमति देने को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार ने विभागीय अधिकारियों, डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों और किसानों के विरोध को दरकिनार कर सीमेंट कंपनी को 1722 एकड़ में खनन की अनुमति दी है।
इससे जलाशय के अस्तित्व पर संकट खड़ा होगा और आसपास के 40 से अधिक गांवों में भविष्य में जलसंकट पैदा हो सकता है। उन्होंने एनओसी और संपूर्ण खनन परियोजना को राज्य सरकार से तत्काल निरस्त करने की मांग की है। वे बुधवार को सिविल लाइंस स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सिंचाई और भूजल रिचार्ज का प्रमुख स्रोत है जलाशय
- उन्होंने कहा कि बंगोली स्थित पेंड्रावन जलाशय सिंचाई, मछली पालन, निस्तारी और भूजल रिचार्ज का प्रमुख स्रोत है। इससे हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होती है। खरोरा और तिल्दा क्षेत्र में पहले ही भूजल की उपलब्धता कम है। ऐसे में जलाशय के कैचमेंट में खनन की अनुमति देना पूरे क्षेत्र के लिए नुकसानदेह होगा।
- उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने 25 अप्रैल 2024 को एनओसी पर पुनर्विचार के लिए उच्चस्तरीय तकनीकी समिति गठित करने का निर्देश दिया था, लेकिन दोबारा अनुमति देना अनिवार्य नहीं किया था। इसके बावजूद जल संसाधन विभाग ने 23 जुलाई 2025 को अन्वेषण और 10 अगस्त 2026 को खनन की अनुमति जारी कर दी।