
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। शहरवासियों को सोमवार से सार्वजनिक परिवहन की नई सुविधा मिलने जा रही है। एनजीओ (सीईईडब्ल्यू) के सहयोग से शहर में आठ मिनी एसी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के माध्यम से यात्रियों को किफायती दर पर आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
बसों में यात्रा के लिए लगभग दो रुपये प्रति किलोमीटर का किराया लगेगा। इन मिनी बसों का उद्देश्य शहर के भीतर आवागमन को सरल बनाना और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना है। बसों के संचालन से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। ये बसें शुरुआती दौर में सुबह साढ़े छह बजे से चलेंगी। ट्रायल के तौर पर बसें फिलहाल दो रूटों पर चलेंगी।
इसमें पहला रूट टाटीबंध चौक से शुरू होकर आमापारा होते हुए रेलवे स्टेशन तक रहेगा। वहीं दूसरा रूट अंतरराज्यीय बस स्टैंड भांटागांव से शुरू होकर संतोषी नगर चौक होते हुए पचपेड़ी नाका चौक, सिद्धार्थ चौक, कालीबाड़ी और घड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक का है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार लगभग खत्म, तीन से चार दिन में देगा दस्तक, रायपुर समेत इन जिलों में अलर्ट जारी
45 दिन के ट्रायल के तौर पर शुरू हो रही इस सुविधा के तहत इन रूटों पर बसें 20 से 30 मिनट के अंतराल में चलेंगी। हालांकि, बसों का उद्घाटन समारोह दो दिन बाद रखा गया है।