छत्तीसगढ़ में बाढ़ से नदियों में उफान, 100 से अधिक गांव बने टापू, अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग 48 घंटे के लिए कर दिया गया बंद
रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
Publish Date: Fri, 31 Jul 2026 05:23:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 31 Jul 2026 05:24:14 PM (IST)
नारायणपुर में बचाव अभियान चलाकर बच्चों-महिलाओं को सुरक्षित निकालते। नईदुनियाHighLights
- सबसे अधिक प्रभावित बीजापुर जिला, 70 से अधिक गांव बाढ़ से घिरे
- इंद्रावती नदी खतरे के निशान से 3.10 मीटर ऊपर बह रही है
- जगदलपुर के पुराने पुल पर जलस्तर चेतावनी स्तर के पार कर गया है
नईदुनिया टीम, रायपुर। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शिवनाथ, खारुन, इंद्रावती समेत अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे 100 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है और कई गांव टापू बन गए हैं।
सबसे अधिक प्रभावित बीजापुर जिला है, जहां 70 से अधिक गांव बाढ़ से घिरे हुए हैं। भोपालपटनम में इंद्रावती नदी खतरे के निशान से 3.10 मीटर ऊपर बह रही है, जबकि जगदलपुर के पुराने पुल पर जलस्तर चेतावनी स्तर पार कर लगातार बढ़ रहा है।
भोपालपटनम का महाराष्ट्र और तेलंगाना से सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित
बाढ़ के कारण भोपालपटनम का महाराष्ट्र और तेलंगाना से सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। गंगालूर, बासागुड़ा, मिरतुर, कुटरु और भोपालपटनम क्षेत्र के ग्रामीण मार्ग जलमग्न हैं। नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा नाले में पुलिस की बोलेरो फंस गई, जबकि चिकपाल में बचाव दल ने 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग अगले 48 घंटे के लिए बंद
दंतेवाड़ा में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग अगले 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। वर्षा से राजनांदगांव क्षेत्र के प्रमुख जलाशय और बराज लबालब हो गए। सावन के पहले दिन मोंगरा बराज पहली बार ओवरफ्लो हुआ, जिसके बाद सात गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। शिवनाथ और उसकी सहायक नदियां भी उफान पर हैं।
रिसोर्ट में फंसे चार बच्चों समेत कुल 24 लोगों सुरक्षित निकाला गया
बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ने से कसडोल के बल्दाकछार स्थित एक निजी रिसोर्ट चारों ओर से बाढ़ के पानी में घिर गया। रिसोर्ट में फंसे चार बच्चों समेत कुल 24 लोगों सुरक्षित निकाला गया।
बीजापुर में बचाए गए सात पर्यटक
बीजापुर के लंकापल्ली झरना में फंसे सात पर्यटकों में से एक प्रसूता व नवजात बच्चे का रेस्क्यू किया गया है। देर रात तक वहां अभियान जारी था। बीजापुर जिले में अगले दो दिनों तक स्कूल व आंगनबाड़ी बंद रखने का आदेश दिया है।