
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। आजादी के 79 साल बाद भी बिजली की रोशनी से महरूम बस्तर के दूरस्थ गांवों तक अब ग्रिड से बिजली पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने इस परियोजना के लिए 435 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
पहले चरण में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के गांवों का विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके लिए नौ कार्यों की करीब 13 करोड़ 68 लाख रुपये की निविदा जारी कर दी गई है। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, शेष 161 गांवों के विद्युतीकरण के लिए भी जल्द निविदा जारी करने की तैयारी है।
माओवाद और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते बस्तर के कई गांव अब तक ग्रिड बिजली से नहीं जुड़ सके हैं। इन क्षेत्रों में बिजली पहुंचाना लंबे समय से चुनौती बना हुआ था। अब राज्य बिजली वितरण कंपनी ने इस दिशा में काम शुरू किया है।
23 नवंबर को जारी निविदा में बीजापुर जिले के मेटापाल, चोकखनपाल, पदमूर, कोरमेटा, हल्लूर, मल्लेपल्ली, बेलामलेंद्र और गुंजाकोंटा को शामिल किया गया है। इसी तरह सुकमा जिले के ताड़मेटला, तेतराई, तुमलपाड़-2, करिगंडम, सिंगारम, मोसलमडगु-दो, कोसामपाड़, पालेकाटी और दुर्मा में बिजली पहुंचाई जाएगी। दंतेवाड़ा के लावा और नारायणपुर के वाकुड गांव का भी विद्युतीकरण होगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 40 हजार सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब AI तय करेगा 50 लाख बच्चों की हाजिरी
परियोजना की सबसे बड़ी चुनौती वन और टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बसे गांव हैं। कंपनी के अनुसार 50 गांव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आते हैं। यहां सामान्य ग्रिड के बजाय माइक्रो ग्रिड तैयार कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। शेष 161 गांवों के लिए निविदा जारी होने के बाद विद्युतीकरण का दायरा और बढ़ेगा। बिजली पहुंचने से इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के अवसरों को विस्तार मिलने के साथ ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता खुलेगा।
यह योजना बस्तर के हर व्यक्ति के विकास के लिये मील का पत्थर साबित होगी। इसके तहत कार्य आरंभ कर दिया गया है। शेष 161 गांवों में विद्युतीकरण के लिये निविदा शीघ्र जारी की जाएगी। 50 गांव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आते हैं, वहां माइक्रो ग्रिड तैयार कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।-भीम सिंह कंवर, प्रबंध निदेशक, राज्य बिजली वितरण कंपनी।