
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर । छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की हाजिरी व्यवस्था में अब एक बड़ा डिजिटल बदलाव होने जा रहा है। राज्य के 40 हजार सरकारी स्कूलों और 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति व अनुपस्थिति का रिकॉर्ड अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तय करेगा। इस नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों को रोजाना उपस्थिति रजिस्टर के साथ-साथ ओएमआर (ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन) शीट का भी उपयोग करना होगा। महीने भर की उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने के बाद शिक्षक इसकी स्पष्ट फोटो विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) एप पर अपलोड करेंगे, जिसके बाद एआई तकनीक शीट को स्कैन कर विद्यार्थियों की हाजिरी का पूरा डेटा सीधे ऑनलाइन दर्ज कर देगी।
इस व्यवस्था को नवंबर में पहले चरण में प्रदेश के 341 पीएमश्री स्कूलों में लागू करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए स्कूलों में ओएमआर आधारित उपस्थिति प्रणाली शुरू की जानी थी, लेकिन तकनीकी और प्रक्रियागत तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसे निर्धारित समय पर शुरू नहीं किया जा सका। अब समग्र शिक्षा ने इस व्यवस्था को आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू करने की तैयारी शुरू की है। पहले चरण के अनुभव के आधार पर इसे आगे अन्य सरकारी स्कूलों तक विस्तार देने की योजना है। प्रदेश में करीब 40 हजार सरकारी स्कूलों और 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों को इस व्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें- CGPSC अध्यक्ष की कुर्सी 81 दिन से खाली, परीक्षाएं अटकीं, हाईकोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
नई व्यवस्था में शिक्षकों को विद्यार्थियों की रोजाना उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज करनी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रारूप वाली ओएमआर शीट में महीनेभर की हाजिरी भरनी होगी। महीने के अंत में शीट की स्पष्ट फोटो वीएसके एप के माध्यम से अपलोड की जाएगी। एआई तकनीक ओएमआर शीट में भरी गई जानकारी को पढ़कर विद्यार्थियों की उपस्थिति का डेटा डिजिटल प्लेटफार्म पर दर्ज करेगी। इससे प्रत्येक स्कूल, कक्षा और विद्यार्थी की उपस्थिति का रिकार्ड एक जगह उपलब्ध हो सकेगा। अधिकारियों के लिए भी अलग-अलग स्कूलों से आंकड़े मंगाने और उनका मिलान करने की जरूरत कम होगी। साथ ही नियमित रूप से उपस्थिति की निगरानी और कम हाजिरी वाले विद्यार्थियों की पहचान करने में मदद मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- 100 में से 6 अंक पाकर भी बन गए शिक्षक, छत्तीसगढ़ शिक्षा मंत्री ने मानी चूक, जांच के दिए आदेश
विद्यार्थियों की उपस्थिति को एआई से दर्ज करने की तैयारी के बीच वीएसके एप पर शिक्षकों की आनलाइन हाजिरी की व्यवस्था भी पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाई है। कई स्कूलों में लोकेशन सत्यापन, सर्वर और नेटवर्क से जुड़ी समस्याएं आ रही हैं। इसके कारण शिक्षकों की उपस्थिति भी कई बार एप में दर्ज नहीं हो पाती। स्थिति यह है कि पूरे महीने में भी कई स्कूलों की हाजिरी 100 प्रतिशत दर्ज नहीं हो पा रही है।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta : महादेव सट्टे की कमाई से 500 करोड़ की फिल्म बनाने की थी योजना, बड़े सितारों पर थी नजर