
जितेंद्र सिंह दहिया, रायपुर। गैस कनेक्शन की उम्मीद में ई-केवाईसी कराई, आवेदन की प्रक्रिया पूरी की और सरकारी घोषणा पर भरोसा भी किया, लेकिन रसोई में आज भी लकड़ी और उपलों का धुआं उठ रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नए चरण में छत्तीसगढ़ के हजारों परिवारों की यही स्थिति है। सरकार ने आवेदन के 15 दिन के भीतर गैस कनेक्शन देने का भरोसा दिया था, लेकिन प्रदेश में ई-केवाईसी पूरी करा चुके 65,494 हितग्राही अब भी कनेक्शन के इंतजार में हैं।
प्रदेश में 33 जिलों के आंकड़ों के अनुसार कुल 2,49,533 ई-केवाईसी के मुकाबले 1,84,039 कनेक्शन जारी हुए हैं। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 10,593, रायपुर में 5,116, बेमेतरा में 4,209 और बलौदाबाजार में 3,912 हितग्राही ई-केवाईसी पूरी कराने के बावजूद गैस कनेक्शन से वंचित हैं।
केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में दो लाख 23 हजार नए घरेलू गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा था। इसके मुकाबले 2,49,533 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। यानी लक्ष्य से भी ज्यादा लोगों ने प्रक्रिया पूरी कर ली, लेकिन कनेक्शन केवल 1,84,039 को ही जारी हुए। इस तरह तय लक्ष्य के मुकाबले 45,961 कनेक्शन कम जारी हुए हैं। वहीं ई-केवाईसी करा चुके लोगों और कनेक्शन पाने वालों के बीच 65,494 का अंतर है।
राजधानी रायपुर में भी सरकारी दावे और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। यहां 14,441 हितग्राहियों की ई-केवाईसी हुई, लेकिन गैस कनेक्शन केवल 9,325 को मिले। यानी 5,116 परिवार अब भी इंतजार कर रहे हैं। बिलासपुर में 24,382 ई-केवाईसी के मुकाबले 13,789 और बेमेतरा में 15,187 के मुकाबले 10,978 कनेक्शन जारी किए गए हैं।
योजना को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर खाद्य विभाग ने कनेक्शन वितरण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। इनमें आवेदन मिलने के 15 दिन के भीतर कनेक्शन देने की बात कही गई थी और नियद नेल्लानार योजना के आवेदकों को प्राथमिकता देने का भी भरोसा दिया गया था। इसके बावजूद हजारों हितग्राहियों को कनेक्शन नहीं मिलना वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
उज्ज्वला योजना के पहले चरण में प्रदेश में 34,92,221 कनेक्शन जारी किए गए थे। दूसरे चरण के 1,84,039 कनेक्शन जोड़ने पर यह संख्या 36,76,260 पहुंच गई है, लेकिन नए कनेक्शन की आस लगाए बैठे परिवारों के लिए यह कुल आंकड़ा राहत नहीं है।
अप्रैल से तेल कंपनियों (आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल) ने नए घरेलू और उज्ज्वला गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया रोक रखी है। वितरकों के पास आवेदन जमा हैं, लेकिन पोर्टल पर नए उपभोक्ता नंबर जनरेट नहीं हो रहे हैं। रायपुर खाद्य विभाग के अनुसार, स्थानीय स्तर पर सिलेंडर और रेगुलेटर का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद नए कनेक्शन शुरू करने के संबंध में शासन या मंत्रालय से दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। मौजूदा उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की निर्बाध आपूर्ति प्राथमिकता देने और गैस की आपूर्ति में अस्थिरता को इसकी वजह बताया जा रहा है। नए हितग्राही सात-आठ महीने से इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- MP-राजस्थान सीमा पर कार से अवैध शराब लाते पकड़ा गया पटवारी और साथी, एक पेटी शराब व कार जब्त