
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। मप्र-राजस्थान सीमा पर वाहन जांच के दौरान नयागांव चौकी पुलिस ने कार से अवैध शराब लेकर आ रहे एक पटवारी और उसके साथी को धरदबोचा। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक कार और एक पेटी देशी शराब जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
नयागांव चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र सिंह सिसौदिया ने बताया कि कांबिंग गश्त के दौरान मप्र-राजस्थान सीमा पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान राजस्थान के निंबाहेड़ा से नीमच की ओर आ रही कार क्रमांक एमपी-44 सीबी-4095 को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें एक पेटी देशी शराब मिली।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों की पहचान विष्णु पाटीदार और बल्लू पुत्र जगन्नाथ रावत निवासी ग्राम सेमली चंद्रावत के रूप में हुई है। विष्णु पाटीदार जावद विकासखंड के ग्राम मोरवन में पटवारी के पद पर पदस्थ है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पहचान पत्र भी मिला है, जिस पर 'ऑफिस ऑफ सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट एवं स्टेट रेवेन्यू डिपार्टमेंट' अंकित है।
प्रारंभिक पूछताछ में पटवारी विष्णु पाटीदार ने मजदूरों के लिए शराब लाना बताया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्व विभाग जावद के पटवारी विष्णु पाटीदार के अवैध शराब के साथ पकड़े जाने के बाद इंटरनेट मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं कि वह राजस्थान से मध्य प्रदेश में शराब की तस्करी करता था। हालांकि, इन चर्चाओं की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि राजस्थान से मप्र में अवैध शराब लाने के मामले जिले में अक्सर सामने आते हैं और पुलिस लगातार कार्रवाई भी कर रही है। पूर्व में भी पुलिस एक कांग्रेस नेता की कार से अवैध शराब जब्त कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- बातचीत बंद करने से नाराज दोस्त ने दो छात्रों का किया अपहरण, 3 किमी तक बाइक पर घुमाकर पीटा, 4 पर केस दर्ज