
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 23 नवंबर तक प्रदेश के 70 हजार 979 किसानों से 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खास बात यह है कि 23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। चालू खरीफ सीजन के लिए प्रदेश भर में 28 लाख से अधिक किसानों ने अपना पंजीयन कराया है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष राज्य में 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2,461 धान उपार्जन केंद्रों पर धान की आवक शुरू हो चुकी है।
राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से किसानों को घर बैठे धान विक्रय की तिथि निर्धारित करने की सुविधा मिल रही है। अब तक प्रदेश में किसानों को 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें, ताकि अन्नदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- CGPSC में 21वीं रैंक लाकर बनी थीं अफसर, अब 1.5 लाख की रिश्वत लेते धराईं; नाली में फेंकी थी घूस की रकम