
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कराने की शासन की कोशिश एक बार फिर नाकाम रही। बुधवार को राजस्व सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और भू-अभिलेख संचालक विनीत नंदनवार के साथ पटवारी संघ की प्रांतीय टीम की बैठक हुई, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद संघ ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। पटवारी 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे हैं। हड़ताल के कारण राजस्व विभाग के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। इससे जमीन संबंधी कार्य, नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व प्रक्रियाओं के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार ने दिया आश्वासन
राजस्व मंत्री के निर्देश पर हुई बैठक में सचिव ने पटवारियों से पहले हड़ताल वापस लेने को कहा। साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। संघ के अनुसार, डिजिटल फसल सर्वे (पीवी) का काम पूरा होने की बात कहकर इसे अब मुद्दा नहीं माना गया।
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ को मिले 3 राष्ट्रीय पुरस्कार, बिल्हा देश का सबसे स्वच्छ शहर
ठोस निर्णय नहीं होने से बातचीत बेनतीजा रही। पटवारी संघ वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति के अवसर देने और डिजिटल फसल सर्वे से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग कर रहा है। शासन पहले ही संघ के प्रदेश अध्यक्ष को निलंबित कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन जारी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस पहल होने तक हड़ताल समाप्त नहीं होगी।