_20261031_101056_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में शुक्रवार को राज्य के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये अंतरित किए गए। वहीं, प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों के बीच राज्य सरकार ने 360 नए उपार्जन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में ये जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बनी है।
किसानों को अब तक इस योजना के तहत 11,776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती और खेती को लाभकारी बनाना सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी होगी। नए केंद्र खुलने से दो लाख से अधिक किसानों को अपने घर के नजदीक उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। तुंहर टोकन एप से 10 नवंबर से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन मिलेंगे। दो से पांच नवंबर तक समितियों में ट्रायल रन होगा।
यह भी पढ़ें- रायपुर में अब 70 रुपये में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाण पत्र, डाकिया घर आकर बनाएगा DLC