
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। कस्टम मिलिंग के तहत बस्तर जिले के लिए चावल जमा करने में हीला-हवाली बरतने वाले राजधानी के राइस मिलर्स पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निर्धारित समय-सीमा बीतने के बावजूद चावल जमा नहीं करने पर पहले 34 राइस मिलों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया था। इसके बाद जांच की कड़ी में आरंग विकासखंड के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल में गंभीर अनियमितता मिलने पर प्रशासन ने 24 नवंबर को मिल को सील कर दिया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, मंदिर हसौद की कमल राइस मिल पर कुल 5,526.90 क्विंटल चावल जमा करना शेष था। इसमें स्टेट पूल का 4,783.11 क्विंटल और सेंट्रल पूल का 743.79 क्विंटल चावल शामिल है। टीम द्वारा मौके पर की गई जांच में स्टॉक और दस्तावेजों में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद मिल को सील करने की कार्रवाई की गई। पूरे जिले की बात करें, तो रायपुर के मिलर्स पर बस्तर के लिए कुल 66,207.19 क्विंटल चावल बकाया है, जिसमें 11,221.68 क्विंटल स्टेट पूल तथा 54,985.52 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के गोदामों में चावल का बड़ा खेल, 118 में से 72 सैंपल फेल
विभाग की बकाया सूची में कई बड़ी मिलों के नाम शामिल हैं। इनमें कोणार्क इंडस्ट्रीज पर सर्वाधिक 14,248.52 क्विंटल, जनता एग्रो इंडस्ट्रीज पर 5,483.53 क्विंटल, विद्या श्री राइस मिल पर 2,695.74 क्विंटल, बालाजी पैडी प्रोसेसिंग पर 2,539.98 क्विंटल और स्वास्तिक एग्रो इंडस्ट्रीज पर 2,508.39 क्विंटल चावल बकाया है। इसके अलावा सतनाम इंडस्ट्रीज पर 2,266.39 क्विंटल, मां मावली राइस इंडस्ट्रीज पर 2,193.56 क्विंटल, चंद्रा राइस मिल पर 2,157.22 क्विंटल, निर्मल ट्रेडर्स पर 2,062.55 क्विंटल और गिंदलानी राइस मिल पर 2,005.81 क्विंटल चावल जमा होना बाकी है।
प्रशासन की सूची में भारती एग्रो टेक, कार्तिक इंडस्ट्रीज, श्री कृष्णा फूड एंड राइस, श्री जगन्नाथ राइस मिल, उमर रवि शर्मा ट्रेडिंग कंपनी, अपना बालाजी, अग्रसेन ट्रेडिंग कंपनी, कृष्णा इंडस्ट्रीज, शैलजा एंटरप्राइजेज, पीएएएम एंटरप्राइजेज, लाव्या ट्रेडर्स, अग्रवाल फूड्स, मधु पारबॉयल्ड इंडस्ट्रीज, श्री रेणुकदेव एग्रोटेक, सालासर रोड लाइंस, ओम प्रकाश राइस मिल, गोयल एनर्जी, गौरी राइस इंडस्ट्रीज, पीतांबरा फूड्स, राधा किशन एग्रोटेक और श्री श्याम राइस उद्योग सहित 34 मिलें शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया चावल जमा नहीं होने पर आगे भी सीलबंदी की कार्रवाई जारी रहेगी।