
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। जिस चावल को गरीब परिवारों की थाली तक पहुंचाने के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च करती है, सरकारी गोदामों में उसकी गुणवत्ता का हाल चौंकाने वाला है। केंद्र सरकार की टीम ने 19 मार्च से 4 अप्रैल 2024 के बीच प्रदेश के 18 गोदामों की जांच की, तो चावल के 118 नमूनों में से 72 अस्वीकृति सीमा (BRL) से भी खराब निकले। यानी हर 10 में से 6 नमूने तय मानकों पर फेल हो गए। इसका सीधा मतलब है कि राशन दुकानों में बांटा गया 60 प्रतिशत चावल घटिया था।
गोदामों में खेल सिर्फ खराब चावल तक सीमित नहीं था, बल्कि अलग-अलग मिलरों का चावल एक ही स्टैक (ढेर) में मिलाकर रख दिया गया, ताकि घटिया चावल देने वाले मिलर की पहचान न हो सके। पुरानी बोरियों से स्टॉक की रिसाइक्लिंग की आशंका मिली, गुणवत्ता के रजिस्टर गायब थे और नमी मापने के मीटर बिना जांच (कैलिब्रेशन) के इस्तेमाल हो रहे थे। केंद्र ने 9 मई 2024 को रिपोर्ट भेजी और राज्य शासन ने अगले दिन सुधार के निर्देश दिए, लेकिन ढाई साल बाद भी कार्रवाई का हिसाब सामने नहीं है।
नियम के मुताबिक, हर मिलर का चावल अलग-अलग स्टैक में रखना जरूरी है, ताकि सैंपल फेल होने पर संबंधित मिलर को पकड़ा जा सके। लेकिन गोदामों में इस नियम की धज्जियां उड़ाई गईं। मनेंद्रगढ़ के स्टैक 40/3 और 40/2 में पोषक (फोर्टिफाइड) और सामान्य चावल आपस में मिला हुआ था। एक ही मिल का स्टॉक तीन अलग-अलग जगह बिखरा मिला। जांच टीम ने माना कि यह मिलावट जानबूझकर की गई, ताकि खराब चावल देने वाले मिलरों की पहचान छिप सके।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अवैध भंडारण पर एक्शन, 34,303 क्विंटल धान-चावल किया जब्त
गोदामों में पुरानी बोरियां मिली हैं, जिससे आशंका है कि पुराने स्टॉक को दोबारा पैक कर खपाया (रिसाइक्लिंग) गया। टीम ने इसके पीछे शामिल मिलरों और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर जांच करने को कहा है। इसके अलावा बेलकोटा, सीतापुर और बिश्रामपुर के गोदामों में रिजेक्ट चावल उठाए बिना ही मिलरों से नया स्टॉक जमा कर लिया गया। यही नहीं, मिलरों से गोदाम में सामान रखने का किराया (भंडारण शुल्क) भी नहीं वसूला गया।
ट्रकों की आवक-जावक, नमी, गुणवत्ता जांच और रिजेक्शन का हिसाब रखने वाले रजिस्टर कई गोदामों से गायब या अधूरे मिले। किरोड़ीमल नगर में चावल जमा लेते समय जरूरी मिलावट जांच (मिक्स्ड इंडिकेटर टेस्ट) ही नहीं हो रही थी। खरसिया, सीतापुर, बिश्रामपुर और बैकुंठपुर में बिना प्रमाणित जांच वाले नमी मीटर इस्तेमाल हो रहे थे, जिससे नमी और वजन के हिसाब में गड़बड़ी की आशंका बढ़ गई।
कुपोषण दूर करने वाले फोर्टिफाइड चावल में पोषक तत्व (FRK) कितने प्रतिशत मिलाए गए, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। रजिस्टर में सिर्फ 'हां' या 'नहीं' लिखा जा रहा था और ऑनलाइन पोर्टल में भी प्रतिशत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं थी। सुरक्षा के नाम पर उरगा, जगतरा-2, जगतरा-3, जगतरा-4 (बालोद) और टेमर गोदामों में कीटनाशक दवाइयों का स्टॉक शून्य मिला। जगतरा-4 की सड़कें टूटी थीं, बिश्रामपुर और टेमर में मजदूरों के लिए शौचालय नहीं थे। पेंड्रा रोड गोदाम में चावल के साथ चीनी, चना, गेहूं, नमक और तेल रखे मिले। बेलकोटा का फर्श टूटा था और बोड़गांव व टेमर में आग बुझाने वाले यंत्र खराब हाल में मिले।
यह भी पढ़ें- कभी गरीबों का खाना कहा जाता, आज फाइव-स्टार कल्चर में क्यों छाया छत्तीसगढ़ का 'बोरे-बासी'?
केंद्र सरकार के संयुक्त आयुक्त विश्वजीत हल्दर ने 9 मई 2024 को जांच रिपोर्ट भेजी थी। अगले दिन राज्य शासन के अवर सचिव अमितोष जॉन ने पत्र जारी कर कमियां सुधारने, जिला स्तर पर जांच दल बनाने, खराब स्टॉक को बदलने और खरीफ 2023-24 में मानकों के अनुरूप चावल खरीदने के निर्देश दिए थे। लेकिन इतनी बड़ी गड़बड़ियों के बावजूद ढाई साल बाद भी ठोस कार्रवाई का हिसाब सामने नहीं है।
इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ क्वालिटी इंस्पेक्टरों को ब्लैकलिस्ट किया गया है। जांच रिपोर्ट मंगाई गई है और सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।