
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ाने के साथ यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में व्यापक बदलाव की तैयारी है। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पहली पत्रकार वार्ता में विस्तार योजना साझा करते हुए कहा कि बढ़ती हवाई यातायात मांग के अनुरूप एयरपोर्ट के हर हिस्से की क्षमता समानांतर रूप से बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अभी एकमात्र रनवे से प्रति घंटे 12 विमानों की आवाजाही हो पाती है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की योजना के तहत पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सी-वे और अतिरिक्त एप्रन बनने से पहले चरण में प्रति घंटे 24 तथा दूसरे चरण में करीब 35 विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी। वहीं कैट-II अप्रोच सिस्टम लागू होने पर कोहरे में 300 मीटर दृश्यता (वर्तमान में 550 मीटर) पर भी विमान उतर सकेंगे।
अतिथियों के आने 10 मिनट पहले ही वाहन लाने की अपील
बीएसएसी से काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (सीटीसीपी) की मंजूरी मिलने पर एयरपोर्ट के सिटी साइड क्षेत्र की सुरक्षा भी सीआईएसएफ संभालेगा, जिससे चालकों के विवाद जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी। आरिफ ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान सरकारी गाड़ियां टर्मिनल के सामने देर तक न खड़ी करने और अतिथियों के आने से पांच-दस मिनट पहले ही वाहन लाने की अपील की।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने रीवा कमिश्नर को कहा- बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत, हिरासत आदेश की गलतियों पर जताई नाराजगी
यह हुए बदलाव
एयरपोर्ट पर रोज आठ से साढ़े नौ हजार यात्री और 60 से 68 उड़ानों का संचालन हो रहा है। 2024-25 में 25 लाख के मुकाबले 2025-26 में यात्रियों की संख्या 27 लाख पार रही, जबकि टर्मिनल की क्षमता 32 लाख सालाना है।
डिजीयात्रा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे मशीन की सुविधा मिल चुकी है, चौथा एयरो ब्रिज जल्द शुरू होगा और पार्किंग स्टैंड नौ से बढ़ाकर 13 किए गए हैं। टर्मिनल के सामने सात-सात मीटर की दो अतिरिक्त लेन व निकासी मार्ग पर चार लेन का काम जनवरी 2027 तथा 110x21 मीटर कैनोपी का निर्माण मार्च-अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य है। शौचालयों का भी चरणबद्ध आधुनिकीकरण हो रहा है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, अब गांव बनेंगे शहर; नगरीय प्रशासन ने मांगा ब्योरा