
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: नगर पालिक निगम बीरगांव के दिसंबर में प्रस्तावित आम चुनाव के लिए जारी प्रारंभिक मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं। सूची में महिलाओं के स्थान पर पुरुषों और पुरुषों के नाम दर्ज होने की त्रुटियां मिलने के बाद निर्वाचन विभाग की वेबसाइट बंद कर दी है।
इस कारण बीरगांव के 40 वार्डों के 80 हजार से अधिक मतदाताओं को आफलाइन लिस्ट चेक करने में असुविधा हो रही है। लोग अपने नाम, वार्ड और अन्य विवरणों की जांच करने के लिए भटक रहे हैं।
परिसीमन के चलते कई लोगों के नाम दूसरे वार्डों में चले गए हैं, विधानसभा सूची में नाम होने के बावजूद निगम वार्ड की सूची से गायब हैं और कई दोहरी प्रविष्टियां भी सामने आ रही हैं। यदि निर्वाचन विभाग की आनलाइन साइट चालू होती तो बीरगांव के मतदाता घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से मिनटों में अपनी और अपने परिवार की जानकारी चेक कर लेते। लेकिन पोर्टल बंद होने से परेशानी बढ़ गई है।
दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। वेबसाइट बंद रहने से मतदाता तय समय में प्रविष्टियों की जांच और सुधार नहीं करवा पा रहे हैं। कांग्रेसी नेता व एमआइसी सदस्य इकराम अहमद ने मांग की है कि तकनीकी कमियों को दूर कर वेबसाइट तत्काल पुनः शुरू की जाए और दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर से बढ़ाकर पांच नवंबर 2026 की जाए।
यह भी पढ़ें- रायपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 29 पुलिसकर्मियों की हुई अदला-बदली, कुछ लाइन अटैच भी किए गए