
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। आजाद चौक थाना क्षेत्र में गर्लफ्रेंड से बातचीत करने को लेकर एक कॉलेज छात्र पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोपित ने अपने साथियों के साथ छात्र को मिलने बुलाया और फिर पत्थर व चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नेमीचंद गली रामसागरपारा निवासी शिवम शर्मा विवेकानंद कालेज में बीकाम चौथे सेमेस्टर का छात्र है। उसकी सहपाठी कोमल शर्मा से पढ़ाई को लेकर बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर मोवा-सड्डू निवासी दिव्यांत देहरे उससे नाराज था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में ऑनलाइन गेम में बार-बार मिली हार से भड़का बीटेक छात्र, रूम पार्टनर के सीने में घोप दिया चाकू
एफआईआर के अनुसार आरोपित ने पहले फोन कर धमकी दी और बाद में 25 मई की रात खपराभट्ठी स्थित काली माता मंदिर के पास मिलने बुलाया। वहां आरोपित अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पत्थर से छात्र के सिर पर हमला कर दिया।
इसके बाद चाकू से पेट में वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव में वार कूल्हे पर लगा। घायल छात्र इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचा, जिसके बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।