
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर : राजधानी में साइबर ठगों ने प्रापर्टी खरीदने में रुचि दिखा रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाकर 2.40 लाख रुपये पार कर दिए। आरोपित ने पहले फोन कर मकान या जमीन देखने के संबंध में बातचीत की। इसके बाद प्रापर्टी की लोकेशन दिखाने के बहाने वाट्सएप पर वीआइपी सिटी प्रापर्टी के नाम से एक एप भेजा। बुजुर्ग ने एप डाउनलोड किया तो मोबाइल पर ठगों का कब्जा हो गया।
आरोपितों ने एक से चार नवंबर के बीच यूपीआइ के जरिये 15 अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 2,40,481 रुपये निकाल लिए। पीड़ित कमल नारायण शर्मा (60) सुंदर नगर की ओम सोसाइटी में रहते हैं और रायपुर विकास प्राधिकरण के न्यू राजेंद्र नगर कार्यालय में विद्या सहायक हैं। उन्होंने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी और आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित के मुताबिक, एक नवंबर को दोपहर करीब एक बजे अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर प्रापर्टी देखने के संबंध में पूछा। इसके बाद वाट्सएप पर वीआइपी सिटी के नाम से एप भेजकर लोकेशन देखने को कहा। एप डाउनलोड करने के बाद वह मोबाइल से हट गया। पीड़ित को खतरे का अंदेशा नहीं हुआ।
चार नवंबर को पीड़ित पंजाब नेशनल बैंक की श्याम नगर शाखा पहुंचे तो खाते में पर्याप्त रकम नहीं मिली। जांच में एक से चार नवंबर के बीच 15 यूपीआइ ट्रांजेक्शन से 2,40,481 रुपये निकाले जाने का पता चला।
यह भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के केन्द्रीय जेल में आने के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद, छत्तीसगढ़ की जेलों में चेकिंग अनिवार्य