
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम का वर्षों पुराना ढांचा अब पूरी तरह आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। नगर निगम ने स्टेडियम को नया स्वरूप देने के लिए सात करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी की है। सबसे बड़ा बदलाव सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम में होगा, जिसे पूरी तरह अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा खराब पड़े चिलर प्लांट को बदला जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों की इंडोर स्पोर्ट्स फ्लोरिंग, एलईडी लाइटिंग, वाटरप्रूफिंग, नए पेंट, ड्रेनेज सुधार और शौचालयों के नवीनीकरण का काम भी किया जाएगा।
स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताओं के साथ राज्य स्तरीय सांस्कृतिक, सामाजिक और शासकीय कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। लंबे समय से सीलन, खराब एसी व्यवस्था और जर्जर सुविधाओं की शिकायतें मिल रही थीं। अब प्रस्तावित उन्नयन के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
स्टेडियम का सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम लंबे समय से क्षमता के अनुरूप काम नहीं कर पा रहा है। वहीं चिलर प्लांट भी खराब होने से बड़े आयोजनों के दौरान गर्मी और उमस की समस्या बनी रहती है। नई योजना के तहत पूरा एसी सिस्टम अपग्रेड किया जाएगा और नया चिलर प्लांट लगाया जाएगा। इससे पूरे परिसर में समान तापमान बनाए रखना संभव होगा और राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नई सिंथेटिक फ्लोरिंग बिछाई जाएगी। बेहतर रोशनी के लिए आधुनिक एलईडी लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। साथ ही सीलन दूर करने के लिए वाटरप्रूफिंग, नई पेंटिंग और ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इन सुधारों से प्रतियोगिताओं के आयोजन का स्तर भी बेहतर होगा।
यह स्टेडियम केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है। यहां समय-समय पर राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी सम्मेलन, सम्मान समारोह और सामाजिक आयोजन भी होते हैं। चार हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस परिसर में सीटों की मरम्मत और सफाई के साथ शौचालयों का नवीनीकरण भी किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों के साथ आम नागरिकों और आयोजकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ की शिवांशी केसरवानी ने रचा इतिहास... 21 साल की उम्र में बनीं कमर्शियल पायलट
इंडोर स्टेडियम के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सात करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम में सेंट्रल एसी सिस्टम, चिलर प्लांट, इंडोर फ्लोरिंग, लाइटिंग, वाटरप्रूफिंग, ड्रेनेज और अन्य जरूरी मरम्मत कार्य किए जाएंगे। - दीपक जायसवाल, अध्यक्ष (पीडब्ल्यूडी विभाग), नगर निगम रायपुर