
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया. रायपुर: जल जीवन मिशन के तहत किए गए निर्माण कार्यों के पांच हजार करोड़ रुपये के बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदेशभर के ठेकेदारों ने मंगलवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदार राजीव चौक के पास कटोरा लेकर पहुंचे और सरकार का ध्यान भुगतान के मुद्दे की ओर खींचा।
एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बीरेश शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के करीब दो हजार ठेकेदारों का भुगतान अटका हुआ है। विगत तीन वर्षों से निर्माण कार्यों की राशि नहीं मिली है। जल जीवन मिशन के तहत सिंगल और मल्टी-विलेज योजनाओं, सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं, रेट्रोफिटिंग, रनिंग वाटर, नलकूप खनन सहित कई तरह के काम कराए गए हैं।
ठेकेदारों का कहना है कि निर्माण कार्यों में उनकी पूंजी फंसी हुई है। दूसरी ओर, मजदूरों का भुगतान करने, निर्माण सामग्री की कीमत चुकाने और बैंक ऋण की किस्तें भरने का दबाव बढ़ता जा रहा है। इससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करने के साथ ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं। भुगतान नहीं होने से योजना में आगे के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का बड़ा अपडेट: छत्तीसगढ़ के 1,769 गांवों पर बाढ़-तूफान का खतरा, कलेक्टर घोषित कर सकेंगे स्कूलों की छुट्टी