रायपुर में कार की डिमांड पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पीटा, पति, सास, ससुर और देवर पर FIR
दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता से मारपीट और प्रताड़ना के आरोप में रायपुर महिला पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 02:36:00 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 02:36:00 PM (IST)
रायपुर में कार की डिमांड पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पीटा। (फाइल फोटो)HighLights
- दहेज में कार की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट।
- पीड़िता गुलशमा बानो ने रायपुर महिला थाने में की शिकायत।
- पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: दहेज में कार नहीं मिलने पर विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला थाना रायपुर में विवाहिता गुलशमा बानो की शिकायत पर पुलिस ने पति अरमान खान, सास फरीदा बानो, ससुर मुस्तफा खान और देवर यासिन खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, गुलशमा का विवाह 22 दिसंबर 2025 को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई निवासी अरमान खान से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि उसके माता-पिता ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी, गृहस्थी का सामान और बाइक दी थी। इसके बावजूद शादी के करीब डेढ़ सप्ताह बाद से ही ससुराल वाले चारपहिया वाहन और अन्य सामान की मांग करने लगे।
मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
- शिकायत के मुताबिक, सास ने उसका नेकलेस अपने पास रख लिया और कम दहेज लाने का ताना देकर घरेलू कामकाज को लेकर भी प्रताड़ित किया। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल के अन्य सदस्य उसे गाली देते और मारपीट करते थे। सात अप्रैल 2026 को मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकालने का भी आरोप है।
- विवाहिता के अनुसार, सामाजिक बैठक के बाद वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन वहां फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। हाथ में चोट लगने और घर से बाहर निकलने पर रोक लगाने की भी शिकायत की गई है। परेशान होकर वह 22 जुलाई को मायके लौट आई। महिला ने छह अगस्त को महिला थाना रायपुर में आवेदन दिया था। काउंसलिंग असफल होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।