रायपुर में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बनेगा नया नर्सिंग कॉलेज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रखी आधारशिला
नवा रायपुर के संजीवनी अस्पताल में 45 हजार बच्चों की सफल सर्जरी होने पर सीएम साय ने बधाई दी। साथ ही, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नए नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन किया।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 07:54:16 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 07:54:16 AM (IST)
रायपुर में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बनेगा नया नर्सिंग कॉलेज। (नईदुनिया)HighLights
- संजीवनी अस्पताल में 45 हजार बच्चों की सफल निःशुल्क सर्जरी।
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल टीम को दी बधाई।
- जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नए नर्सिंग कॉलेज का हुआ भूमिपूजन।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूरी हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को मानव सेवा और समर्पण की मिसाल बताते हुए अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कालेज भवन और डारमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जनजातीय युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया भी शामिल हुए।
मानवता की सच्ची सेवा है निश्शुल्क उपचार
- मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बच्चे का स्वस्थ जीवन हर परिवार की सबसे बड़ी खुशी होती है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों का निश्शुल्क उपचार कर उन्हें नया जीवन देना मानवता की सच्ची सेवा है। संजीवनी अस्पताल ने हजारों बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में आशा, विश्वास और खुशियां लौटाई हैं।
- इसकी 45 हजार शल्य चिकित्सा की उपलब्धि चिकित्सा क्षेत्र के साथ मानवीय संवेदना और निःस्वार्थ सेवा का भी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अस्पताल ने साबित किया है कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है। संस्थान की सेवाभावी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।
नर्सिंग कॉलेज से आत्मनिर्भर बनेंगे जनजातीय विद्यार्थी
- नर्सिंग कालेज की स्थापना को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। वे आत्मनिर्भर बनकर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे सकेंगे। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत है।
- प्रस्तावित कॉलेज इस दिशा में कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मददगार होगा। केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया ने भी अस्पताल के निःश्शुल्क उपचार और मानव सेवा के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि व अस्पताल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आज सारंग एयर शो: ऐसे पहुंचें आयोजनस्थल, यहां है पार्किंग की व्यवस्था