
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में घर लौटने के लिए मिनी बस में सवार हुई एक युवती के साथ चालक द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मिनी बस चालक दिलहरण पाल ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर पहले नाश्ता लाने की बात कही। वापस आने के बाद उसने बस के सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। उसने युवती को भजिया और पानी दिया तथा दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। युवती ने जब साफ इन्कार किया, तो आरोपी चालक ने उसका हाथ, बांह और कमर पकड़कर जबरन किस कर लिया।
26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे हुई इस वारदात को लेकर पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रांवाभाठा निवासी 23 वर्षीय युवती देवेंद्र नगर स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर है। वह रोजाना काम पर आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग करती थी। 21 नवंबर से उसने घर लौटने के लिए रांवाभाठा निवासी दिलहरण पाल की मिनी बस में सफर करना शुरू किया था। घटना वाली रात 26 नवंबर को भी वह फाफाडीह से मिनी बस में बैठकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोक दी और पांच मिनट में भजिया-नाश्ता लेकर आने का बहाना बनाकर नीचे उतर गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने बस के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं और युवती को भजिया व पानी थमा दिया।
यह भी पढ़ें- Raipur Government Schools: प्लास्टर गिर रहा, छड़ें निकलीं; खतरे के साये में पढ़ रहे बच्चे
शिकायत के मुताबिक, नाश्ता देने के बाद आरोपी चालक ने युवती से कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती है, इसलिए वह उसकी दोस्त बन जाए। उसने यह शर्त भी रखी कि जब बस में दूसरे यात्री सवार होंगे, तो युवती उसे भैया कहकर पुकारे। युवती ने उसके इस अनैतिक प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया। इसके बाद चालक ने उसे बस की पिछली सीट की तरफ आने का इशारा किया, लेकिन युवती ने वहां जाने से भी साफ मना कर दिया।
यह भी पढ़ें- भिलाई : 3.15 करोड़ के घोटाले की जांच शुरू, दूल्हा बनकर घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचे पार्षद मौर्य
आरोप है कि युवती के लगातार विरोध के बावजूद चालक ने उसके साथ जबरदस्ती की। उसने युवती के हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा और जबरन किस कर लिया। अचानक हुई इस हरकत से युवती बुरी तरह घबरा गई। हालांकि, उसने घबराहट के बीच सूझबूझ से काम लिया और वहां से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए चालक से अगले दिन मिलने और दोस्ती करने की बात कह दी। जैसे ही बस से उतरने का मौका मिला, वह सीधे घर पहुंची और अपने भाइयों व मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- 'मेरी बेटी को पीटकर मार डाला साहब, अब बता रहे हैं फांसी', बिलासपुर में मां ने लगाए गंभीर आरोप