अजमेर से रायपुर लौटे MBBS छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे में मिले फेंटानिल इंजेक्शन
रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एमबीबीएस थर्ड ईयर के 21 वर्षीय छात्र विनायक सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 08:42:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 08:42:27 PM (IST)
मृतक छात्र विनायक सैनीHighLights
- राजस्थान के अजमेर का रहने वाला था छात्र ।
- कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने से बढ़ा संदेह।
- पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी कर रही जांच।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कालेज के हास्टल में एमबीबीएस थर्ड ईयर के छात्र विनायक सैनी (21) की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक हास्टल के चौथे फ्लोर पर रहता था, जबकि उसकी लाश तीसरे फ्लोर स्थित उसके दोस्त के कमरे में मिली।
कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार विनायक घटना वाले दिन ही घर से लौटकर कालेज आया था। इसके बाद वह तीसरे फ्लोर पर रहने वाले अपने दोस्त के कमरे में गया था। उसका दोस्त दो दिन पहले ही घर से लौटा था। रात करीब नौ बजे दोस्त खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो विनायक बेड पर औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। उसने अन्य साथियों की मदद से विनायक को बालाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिली नशीली दवा और इंजेक्शन
घटना की सूचना पर पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच के दौरान नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने की पुष्टि की है। फेंटानिल मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, विनायक ने इस दवा का सेवन किया था या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने छात्र के दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है।
मौत से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस विनायक के घर से लौटने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। उसके दोस्त और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र ने किसी तरह की नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं और घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी।