
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी, होटल कब्जा और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार नटवरलाल दीपक टंडन से रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की पूछताछ लगातार जारी है। पूछताछ में दीपक ने ठगी के इस पूरे नेटवर्क में शामिल अपने कई सहयोगियों के नामों का खुलासा किया है। अब पुलिस इस मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पहले से जेल में बंद उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कोर्ट में आवेदन लगाया गया है, ताकि पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सके।
इस हाईप्रोफाइल ठगी मामले की गंभीरता को देखते हुए दो डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी दीपक टंडन से सवाल-जवाब कर रहे हैं। दूसरी ओर, पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दीपक टंडन के घर, होटल और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी छापा मारकर तलाशी ली है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक और बरखा टंडन के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- महिला DSP के ऊपर करोड़ों रुपये, महंगी कार और कीमती गहनें ठगने का आरोप, होटल कारोबारी ने चैट किया वायरल
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि करोड़ों रुपये की ठगी से जुटाई गई रकम आखिर कहां खपाई गई और किन-किन लोगों तक यह पैसा पहुंचा। पुलिस फर्जी दस्तावेजों, संदिग्ध बैंक खातों और संभावित बेनामी संपत्तियों को लेकर दीपक से तीखे सवाल पूछ रही है। साथ ही, दीपक के संपर्क में रहने वाले अन्य प्रभावशाली लोगों की इस पूरे फर्जीवाड़े में कितनी भूमिका रही है, इसकी भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- प्रभावशाली नेताओं, मंत्रियों और अफसरों से पहचान के नाम पर ठगी करता था कारोबारी टंडन, रिमांड पर
गौरतलब है कि पुलिस मंगलवार को दीपक टंडन को बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाई थी और सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। रायपुर पुलिस ने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके खिलाफ रायपुर में पांच समेत बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में कुल आठ एफआईआर दर्ज हैं, जबकि 11 अन्य शिकायतों की जांच चल रही है। उस पर फॉर्च्यूनर दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, कोयला कारोबारियों को एसईसीएल में ठेका दिलाने का झांसा, होटल पर अवैध कब्जा और एआई (AI) तस्वीरों के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप हैं। वहीं, पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज है।