
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। अवैध धान के कारोबार में रायपुर सबसे अव्वल है। तीन साल में 1.82 करोड़ रुपये की धान जब्त की गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान का कारोबार रायपुर जिले की मंडी समितियों के आंकड़े बयां कर रहे हैं। तीन साल में अवैध धान कारोबार के 238 मामले पकड़े गए और 8518.80 क्विंटल धान जब्त की गई। जब्त धान की कीमत 1 करोड़ 82 लाख 56 हजार रुपये से अधिक है।
वर्ष 2025-26 में तो पिछले दो साल की तुलना में ज्यादा मामले सामने आए हैं। इस सत्र में 106 मामलों में 5540.20 क्विंटल धान जब्त की गई। यानी तीन साल में हुई कुल जब्ती का करीब 65 प्रतिशत धान अकेले पिछले साल पकड़ी गई है। जिला कृषि उपज मंडी समिति के दस्तावेज बताते हैं कि वर्ष 2023-24 में 61 मामलों में 1,285 क्विंटल धान जब्त हुआ था। अगले वर्ष 2024-25 में मामले बढ़कर 71 हुए और जब्ती 1693.60 क्विंटल तक पहुंची। इसके बाद 2025-26 में मामलों की संख्या 106 और जब्त धान 5540.20 क्विंटल हो गया।
यह भी पढ़ें- बालोद में धान खरीदी बैठक में समिति प्रबंधकों को जमीन पर बैठाया, डिप्टी सीएम से शिकायत
मंडीवार आंकड़ों में रायपुर सबसे आगे है। यहां तीन साल में 70 मामलों में 3857.80 क्विंटल धान जब्त किया गया, जिसकी कीमत 84.95 लाख रुपये है। यह जिले में जब्त कुल धान का करीब 45 प्रतिशत है। नवापारा दूसरे स्थान पर है, जहां 64 मामलों में 2000.80 क्विंटल धान पकड़ा गया। अरंग में 38 मामलों में 1201.60 क्विंटल, नेवरा में 46 मामलों में 908.20 क्विंटल और अभनपुर में 20 मामलों में 550.40 क्विंटल धान जब्त हुआ।
यह भी पढ़ें- 'अकवान' तूफान की बारिश से दुर्ग-भिलाई में धान की फसल पर संकट, खरीदी प्रभावित
वर्ष 2025-26 में धान जब्ती की कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक रही। पांचों मंडियों में इस साल 106 मामले दर्ज हुए। इनमें रायपुर मंडी क्षेत्र में ही 33 मामलों में 2591.80 क्विंटल धान जब्त किया गया। नवापारा में 16 मामलों में 1195.80 क्विंटल, अरंग में 27 मामलों में 1011.60 क्विंटल, नेवरा में 19 मामलों में 411.80 क्विंटल और अभनपुर में 11 मामलों में 329.20 क्विंटल धान पकड़ा गया। तीन वर्षों में इन मामलों के तहत 13.12 लाख रुपये मंडी शुल्क, 3.41 लाख रुपये कृषक कल्याण शुल्क और करीब 32.88 हजार रुपये निराश्रित शुल्क दर्ज किया गया। इनका कुल योग करीब 16.87 लाख रुपये है।