
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी में आनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी की गई है। ठगों ने महिला को स्टाक मार्केट में पैसा लगाकर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया और उससे छह लाख 89 हजार 100 रुपये ठग लिए। आरोपितों ने पहले महिला को अपने वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। पैसे जमा होने के बाद आरोपितों ने रकम वापस नहीं की और संपर्क से बचने लगे।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता भावना चंदानी (61), निवासी गोल्डन टावर, अमलीडीह, राजेंद्र नगर हैं। आरोपितों ने तीन अन्य मोबाइल नंबरों के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। वाट्सएप ग्रुप में जोड़ने के बाद निवेश से संबंधित जानकारियां और अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें विश्वास में लिया गया। इसके बाद बताए गए बैंक खातों में कुल 6,89,100 रुपये जमा करा लिए गए। रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले में राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबरों और जिन बैंक खातों में रकम जमा कराई गई है, उनकी जानकारी जुटा रही है।
ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह एक सुनियोजित तरीके से लोगों को निशाना बनाते हैं।
वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ना: अनजान नंबर से संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ा जाता है।
मुनाफे का लालच: ग्रुप में शेयर बाजार के विशेषज्ञ बनकर लोग निवेश की सलाह देते हैं और कम समय में अधिक रिटर्न का दावा करते हैं।
फर्जी अनुभव दिखाना: ग्रुप में दूसरे सदस्यों के नाम से मुनाफे के स्क्रीनशाट और पैसे निकालने के संदेश साझा किए जाते हैं, ताकि निवेशक को भरोसा हो जाए।
शुरुआत में छोटा निवेश: कई मामलों में शुरुआत में कम रकम निवेश कराकर स्क्रीन पर मुनाफा दिखाया जाता है। कभी-कभी छोटी रकम वापस भी की जाती है।
बड़ी रकम जमा कराना: भरोसा बनने के बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती है।
निकासी पर नई मांग: रकम निकालने के समय टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे जाते हैं।
संपर्क बंद करना: रकम जमा होने के बाद आरोपित संपर्क बंद कर देते हैं या ग्रुप से बाहर कर देते हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर के मरीन ड्राइव पर रात तीन बजे बवाल, मेकअप आर्टिस्ट से मारपीट