रायपुर के मरीन ड्राइव पर रात तीन बजे बवाल, मेकअप आर्टिस्ट से मारपीट
रायपुर के वीआइपी रोड स्थित क्लब से शुरू हुआ विवाद रात तीन बजे मरीन ड्राइव तक पहुंच गया। 15 लाख रुपये के लेनदेन के आरोप में नवया ओझा ने 20 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट एन ऐश्वर्या के बाल खींचकर मारपीट की, जिससे उसकी सोने की चेन गिर गई। तेलीबांधा पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:48:36 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 10:48:36 AM (IST)
रायपुर के तेलीबांधा थाने में मरीन ड्राइव पर देर रात मेकअप आर्टिस्ट से मारपीट के मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। (फाइल फोटो)HighLights
- वीआइपी रोड के क्लब से शुरू हुई कहासुनी के बाद रात 3:13 बजे मरीन ड्राइव बुलाया
- भाई की जिंदगी बर्बाद करने और 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाकर की झड़प
- खुद को वकील बताकर दी जान से मारने की धमकी, तेलीबांधा थाने में केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के वीआइपी रोड स्थित एक क्लब से शुरू हुआ विवाद देर रात मरीन ड्राइव तक पहुंच गया। यहां 20 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट एन ऐश्वर्या के साथ सरेराह मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि नवया ओझा ने उस पर अपने भाई से 15 लाख रुपये लेने और उसकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया। इसके बाद उसके बाल खींचकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इस झूमाझटकी के दौरान ऐश्वर्या के गले में पहनी सोने की चेन भी कहीं गिर गई और उसकी कमर में चोट आई है। शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी नवया ओझा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और मानहानि की धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
रात तीन बजे फोन कर मरीन ड्राइव बुलाया
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एन ऐश्वर्या अवंति विहार स्थित अनमोल फ्लैट में रहती है और पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है। शिकायत में उसने बताया कि वीआइपी रोड स्थित क्लब में हुए विवाद के बाद मामला काफी बढ़ गया था। इसी रंजिश को लेकर 19 नवंबर की रात करीब 3:13 बजे नवया ओझा ने ऐश्वर्या के मौसेरे भाई सौरभ दास गुप्ता को फोन कर मरीन ड्राइव के पास बुलाया। इसके बाद ऐश्वर्या अपने मुंहबोले भाई सैफ नवाज तथा दोस्त अजय शर्मा और मौसमी बैरागी के साथ वहां पहुंची।
खुद को वकील बताकर दी धमकी
पीड़िता के मुताबिक, मरीन ड्राइव पहुंचते ही नवया ओझा उसके पास आई और आरोप लगाने लगी कि उसने उसके भाई सोहेल शेख से 15 लाख रुपये लिए हैं और उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इस दौरान नवया ने खुद को वकील बताते हुए रौब झाड़ा और कहा कि वह जो चाहे कर सकती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि नवया ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। तेलीबांधा पुलिस मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और आरोपों की जांच कर रही है।