
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। नई दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की करीब दो सौ साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहरें दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के हॉल नंबर चार में लगे छत्तीसगढ़ पवेलियन में कल्चुरी काल के ताम्रपत्र, दुर्लभ औषधीय पांडुलिपियां, रानी दुर्गावती युग की स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि और स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा की जेल में तैयार की गई ऐतिहासिक पत्रिका प्रदर्शित की गई है। एक हजार वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस पवेलियन में पुरातत्व विभाग ने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, साहित्य और तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े ऐसे दुर्लभ दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की कहानी बयां करते हैं।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: बस्तर का ऐसा मंदिर जो बना शिव के लिए, पर विराजमान हुए भगवान विष्णु
इस विशेष प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ द्वारा लिखित 'तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की' पांडुलिपि लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि शासक अमर सिंह देव का वर्ष 1735 का ताम्रपत्र और कल्चुरि काल की दुर्लभ औषधीय पांडुलिपियां भी प्रदर्शित की गई हैं, जो उस दौर के ज्ञान-विज्ञान और शासन व्यवस्था को दर्शाती हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 5 अजूबे... जहां 'हिलती' है धरती और सीढ़ियों की तरह बहता है पानी, आज ही बनाएं घूमने का प्लान
पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा रायपुर जेल में वर्ष 1921-22 के दौरान तैयार की गई 'श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार' की मूल प्रति भी यहां रखी गई है। इसे देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है, जिसमें तत्कालीन जेल की परिस्थितियों और स्वतंत्रता सेनानियों के साथ होने वाले व्यवहार का सजीव वर्णन है। इसके अतिरिक्त वर्ष 1913 के आसपास की हस्तलिखित व्यय विवरणिका और मोड़ी लिपि की राजस्व संबंधी सनद भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। आगामी 27 नवंबर तक चलने वाले इस व्यापार मेले में इन दुर्लभ धरोहरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।