
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) प्रदेश को भी अपनी गतिविधियों का ठिकाना बनाने की कोशिश कर रहा था। अकलतरा से गिरफ्तार पंजाब निवासी 26 वर्षीय सेवक सिंह पिछले चार महीने से नेटवर्क के सरगना शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था। आरोप है कि वह पंजाब में रेकी, हथियारों की तस्करी और सीमा पार से ड्रग्स पहुंचाने जैसी गतिविधियों में शामिल था।
इतना ही नहीं, वह राज्य से भी एक बेरोजगार युवक को नेटवर्क में भर्ती कर वारदात कराने की तैयारी में था। एनआइए के इनपुट पर गिरफ्तारी के बाद जांच में पाकिस्तानी संपर्कों, हथियारों की मांग और डिजिटल संवाद के साक्ष्य सामने आए हैं। खुफिया जांच एजेंसी के अनुसार, प्रदेश में इस नेटवर्क के संदिग्ध स्लीपर सेल की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है।
सेवक सिंह मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी का निवासी है। वह राज्य की दो फैक्ट्रियों में काम कर चुका है। जांच में सामने आया कि पंजाब में एक व्यक्ति की रेकी करने के बदले उसे कथित तौर पर 20 हजार रुपये मिले थे। वह संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान में बैठे संपर्कों तक पहुंचाता था। जांच एजेंसी ने उसके इस्तेमाल वाले दो मोबाइल नंबर ट्रेस किए, जो पत्नी के नाम पर दर्ज थे। इन नंबरों पर पाकिस्तान के अलावा नीदरलैंड और मलेशिया से भी काल आने की जानकारी मिली है।
12 अगस्त को केंद्रीय एजेंसियों ने एसबीएन नेटवर्क के खिलाफ 14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई कर 253 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। 200 से अधिक गिरफ्तारियां और 80 एफआइआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई। जांच के अनुसार, नेटवर्क इंटरनेट मीडिया के जरिए बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसे तथा विदेश भेजने का लालच देकर भर्ती करता है।
इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और वाट्सएप के जरिए संपर्क कर उन्हें रेकी, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लगाया जाता है। अलग-अलग स्लीपर सेल के सदस्यों को एक-दूसरे की जानकारी नहीं होती। 16 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार ने एसबीएन को यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंधित कर दिया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में होगा महिला पेंशनरों का बड़ा सम्मेलन: मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी स्मृति ईरानी