
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के शिक्षकों के लिए विशेष टेट परीक्षा आयोजित करने की दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में विशेष टेट की तिथि, समय-सारणी और पाठ्यक्रम जल्द जारी करने के साथ अगस्त 2028 तक शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
फेडरेशन के कमल वर्मा ने कहा कि 29 मई 2026 के संशोधित निर्णय के बाद भी विशेष टेट को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से बड़ी संख्या में शिक्षक असमंजस में हैं। इससे उनकी पदोन्नति और सेवा संबंधी भविष्य की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।
फेडरेशन ने परीक्षा शीघ्र आयोजित करने और आवश्यक शुल्क लेकर निजी एजेंसी के माध्यम से परीक्षा कराने का सुझाव दिया। चर्चा में परीक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और तिथि, समय-सारणी व पाठ्यक्रम जल्द घोषित करने पर सहमति बनी।
बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों का मुद्दा भी उठा। ‘न मांग, न जांच’ प्रमाण-पत्र के अभाव में अटके मामलों के निराकरण के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर विकसित करने की विभागीय पहल की जानकारी सचिव ने दी। वीएसके ऐप के माध्यम से वेतन कटौती पर फेडरेशन ने आपत्ति जताई। इस पर वेतन कटौती का अधिकार संस्था प्रमुख को देने पर सहमति बनी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में स्वयंसेवकों-कर्मचारियों को 40 लाख तक का बीमा, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना पर मिलेगा 25% अतिरिक्त लाभ
शनिवार को शाला संचालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा स्थानांतरण संबंधी आवेदनों के निराकरण के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।