
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राजधानी रायपुर से नया रायपुर स्थित मंत्रालय और संचालनालय आने-जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी एक नवंबर से बस सेवा बंद होने की चल रही खबरों पर अब विराम लग गया है। मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और सचिव ने वित्त विभाग एवं रजिस्ट्रार शाखा के साथ इस संबंध में विस्तृत चर्चा की है।
छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने सभी कर्मचारियों को स्पष्ट किया है कि जब तक नई निविदा की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक बस संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा। कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे इस विषय को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता या असमंजस में न रहें।
बता दें कि रायपुर और आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों से लगभग 5,000 से 6,000 अधिकारी और कर्मचारी रोजाना 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय कर नया रायपुर स्थित महानदी भवन और विभिन्न कार्यालयों में पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी राज्यसभा उपचुनाव: एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली सीट पर दिल्ली से तय होगा उम्मीदवार, संसदीय बोर्ड लगाएगा मुहर
इन कर्मचारियों के लिए शासन द्वारा संचालित यह बस सेवा आवागमन का एकमात्र और सबसे प्रमुख साधन है। नई व्यवस्था लागू होने तक बस सेवा के यथावत बने रहने से हजारों कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।