• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर

छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों के इतिहास से रूबरू कराएगा 'रियासत वीथिका', दिखेंगी शाही मुहरें, पोशाक और ऐतिहासिक सिक्के

छत्तीसगढ़ के जिन महलों में कभी राजदरबार सजते थे, जहां शाही मुहरों से फरमान जारी होते थे और जिन राजपरिवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शासन किया, उनका इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिलेगा।

By Jitendra DahiyaEdited By: manoj dubey
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 07:24:53 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 07:39:42 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों के इतिहास से रूबरू कराएगा 'रियासत वीथिका', दिखेंगी शाही मुहरें, पोशाक और ऐतिहासिक सिक्के

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के जिन महलों में कभी राजदरबार सजते थे, जहां शाही मुहरों से फरमान जारी होते थे और जिन राजपरिवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शासन किया, उनका इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिलेगा।

प्रदेश की 14 रियासतों की शाही परंपराओं, राजपरिवारों की वंशावलियों और दुर्लभ धरोहरों को सहेजने के लिए रायपुर स्थित संस्कृति विभाग में दो मंजिला ''रियासत वीथिका'' बनाई जाएगी।

देखने को मिलेंगी शाही मुहरें, ऐतिहासिक सिक्के, पारंपरिक पोशाकें

पर्यटक यहां राजाओं की जीवनशैली, शासन व्यवस्था, दरबार की परंपराओं और रियासतों के सांस्कृतिक इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। गैलरी में शाही मुहरें, ऐतिहासिक सिक्के, पारंपरिक पोशाकें, प्राचीन हथियार, राजदरबार में इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं और पुराने दस्तावेज प्रदर्शित किए जाएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने परियोजना का खाका तैयार कर लिया है। पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ हुई परामर्श बैठक में इसका प्रस्तुतिकरण भी दिया गया।

naidunia_image

(प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाई गई है।)

निजी महलों से जुटाई जाएगी ऐतिहासिक सामग्री

फिलहाल रियासतों से जुड़ी कई दुर्लभ वस्तुएं निजी महलों, राजपरिवारों के पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में रखी हैं। इनके बारे में आम लोगों को बहुत कम जानकारी है। विभाग अब राजपरिवारों से ऐतिहासिक सामग्री, वंशावली और पारिवारिक इतिहास जुटाने में सहयोग लेगा।


एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा

इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। वह अलग-अलग राजपरिवारों के पास जाकर मौखिक इतिहास दर्ज करेगा, पुराने अभिलेखों का सत्यापन करेगा और गैलरी में प्रदर्शित की जाने वाली सामग्री का चयन करेगा।

महलों को हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने की तैयारी

सरकार की योजना रियासतों का इतिहास सहेजने के साथ उनके ऐतिहासिक महलों को भी पर्यटन से जोड़ने की है। इन्हें हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे पर्यटक राजसी वास्तुकला और पुरानी परंपराओं को करीब से देख सकेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे।

naidunia_image

छत्तीसगढ़ के इतिहास को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार, प्रदेश की रियासतों ने राज्य की सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक पहचान को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनकी विरासत को पर्यटन से जोड़ने से छत्तीसगढ़ के इतिहास को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ की 14 रियासतें और उनकी ऐतिहासिक पहचान

बस्तरः काकतीय राजवंश की विरासत परंपरागत मान्यता के अनुसार 14वीं शताब्दी में अन्नमदेव ने बस्तर में काकतीय शासन की स्थापना की थी। उनका संबंध वारंगल के काकतीय शासक प्रतापरुद्र द्वितीय से बताया जाता है। पहले बस्तर क्षेत्र में राजधानी थी, बाद में जगदलपुर को राजधानी बनाया गया। बस्तर की राजपरंपरा और दशहरा उत्सव इसकी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं।

कांकेर : सोमवंशी राजपरंपरा कांकेर रियासत के राजपरिवार का संबंध सोमवंशी और बाद के स्थानीय राजवंशों से बताया जाता है। बस्तर और रायपुर के बीच स्थित इस रियासत की अपनी प्रशासनिक और सांस्कृतिक परंपराएं रही हैं। राजमहल और पुराने अभिलेख इसके इतिहास के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

नांदगांव: अंग्रेजी शासन से मिली थी सनद वर्ष 1865 में महंत घासीदास को अंग्रेजी शासन की ओर से सामंती शासक के रूप में मान्यता और सनद दी गई थी। इसके बाद नांदगांव महत्वपूर्ण देशी रियासत के रूप में स्थापित हुई। यहां का राजपरिवार और तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

खैरागढ़: राजमहल बना संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ का ऐतिहासिक राजमहल आज इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के रूप में प्रसिद्ध है। वर्ष 1956 में स्थापित यह विश्वविद्यालय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, ललित कला और रंगमंच की शिक्षा के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां राजसी विरासत आज कला और शिक्षा के माध्यम से जीवित है।

छुईखदान: ग्रामीण और कृषि प्रधान रियासत छुईखदान रियासत का इतिहास कृषि प्रधान समाज और ग्रामीण व्यवस्था से जुड़ा रहा है। यहां के शासक स्थानीय प्रशासन, राजस्व व्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों का संचालन करते थे। राजपरिवार के अभिलेखों से इस क्षेत्र की शासन व्यवस्था की जानकारी मिल सकती है।

कवर्धा: राजमहल और भोरमदेव की पहचान कवर्धा का राजमहल रियासत की शाही पहचान का प्रमुख प्रतीक है। वहीं भोरमदेव मंदिर समूह अपनी स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। इस क्षेत्र की विरासत में राजसत्ता और धार्मिक स्थापत्य का विशेष स्थान है।

रायगढ़: कथक की रायगढ़ शैली का जन्मस्थान राजा चक्रधर सिंह के संरक्षण में रायगढ़ में कथक की विशिष्ट शैली विकसित हुई। संगीत और नृत्य के क्षेत्र में इस रियासत का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। आज चक्रधर समारोह के माध्यम से यहां की सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

सारंगढ़: राजमहल और वंशावली का इतिहास सारंगढ़ में राजमहल और राजपरिवार से जुड़ी पुरानी संपत्तियां इसके शाही अतीत की याद दिलाती हैं। पारिवारिक अभिलेख, वंशावली और मौखिक इतिहास के माध्यम से यहां के शासन और सामाजिक जीवन की जानकारी सामने आ सकती है।

सक्ती: स्थानीय व्यापार और कृषि से जुड़ी सक्ती रियासत का प्रभाव वर्तमान सक्ती और आसपास के क्षेत्रों में रहा। यहां की सामाजिक व्यवस्था कृषि, स्थानीय व्यापार और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित थी। राजपरिवार के दस्तावेज इस क्षेत्र के इतिहास को समझने में महत्वपूर्ण होंगे।

सरगुजा: आदिवासी संस्कृति से जुड़ा राजपरिवार सरगुजा रियासत का इतिहास स्थानीय आदिवासी समाज, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा रहा है। राजपरिवार ने क्षेत्र की प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों में भूमिका निभाई। राजमहल और पुराने अभिलेख इस विरासत के प्रमुख प्रमाण हैं।

उदयपुर: 1905 में हुआ प्रशासनिक बदलाव वर्ष 1905 में उदयपुर रियासत को बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में शामिल किया गया था। राजपरिवार की वंशावली और पुराने प्रशासनिक दस्तावेज इस क्षेत्र के इतिहास को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

जशपुर: राजमहल और जनजातीय परंपराएं वर्ष 1905 में जशपुर को बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में स्थानांतरित किया गया था। यहां की विरासत में राजमहल, राजपरिवार के दस्तावेज और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं का विशेष महत्व है।

कोरिया: रियासती शासन की ऐतिहासिक पहचान कोरिया रियासत भी वर्ष 1905 में बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में शामिल हुई थी। पुराने राजपरिवार, राजमहल और प्रशासनिक दस्तावेज यहां के रियासती इतिहास को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

चांगभखार: उत्तरी छत्तीसगढ़ की रियासत छत्तीसगढ़ में है विश्व कि सबसे प्राचीन नाट्यशाला - रामगढ़ के चांगभखार रियासत को वर्ष 1905 में बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में स्थानांतरित किया गया था। इसकी ऐतिहासिक पहचान राजपरिवार की वंशावली, स्थानीय परंपराओं और पुराने प्रशासनिक अभिलेखों से जुड़ी है।

बैठक में शामिल हुए राजपरिवारों के प्रतिनिधि

परामर्श बैठक में सारंगढ़ से डॉ. परिवेश मिश्रा और कुलिशा देवी, रायगढ़ से राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सरगुजा से आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, कुमुदिनी देवी और विंधेश्वर सिंह देव शामिल हुए। कवर्धा से योगेश्वर राज सिंह और मैकलेश्वर सिंह, छुईखदान से गिरिराज किशोर दास, उदयपुर-धर्मजयगढ़ से जितेंद्र नरसिंह राणा, खैरागढ़ से आर्यव्रत सिंह और शताक्षी सिंह तथा सक्ती से धर्मेंद्र सिंह ने भी हिस्सा लिया। विभाग ने सभी से ऐतिहासिक सामग्री, वंशावली और पारिवारिक इतिहास उपलब्ध कराने में सहयोग मांगा है।

एक नजर में रियासत वीथिका

स्थान : संस्कृति विभाग, रायपुर

स्वरूप : दो मंजिला गैलरी

इतिहास : स्वतंत्रता पूर्व की 14 रियासतें

प्रदर्शन : शाही मुहरें, सिक्के, हथियार, पोशाकें और दस्तावेज

विशेष पहल : राजपरिवारों से मौखिक इतिहास और अभिलेख जुटाना

पर्यटन : महलों को हेरिटेज सर्किट और होमस्टे से जोड़ना

गैलरी में राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरों, सिक्कों, हथियारों, पोशाकों और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

-डॉ. एस. भारतीदासन, सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति

दो फ्लोर में बनने वाली इस गैलरी के माध्यम से पर्यटकों को प्रदेश की सभी रियासतों का इतिहास जानने का अवसर मिलेगा।

-डॉ. संजय कन्नौजे, संचालक, संस्कृति एवं पुरातत्व

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कवर्धा के चंडालपुर का नाम बदलकर हुआ चंदनपुर, वर्षों पुरानी मांग पूरी; राजपत्र जारी

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।