
डिजिटल डेस्क, रायपुर। राजधानी रायपुर के आसमान में आज हवाई रोमांच देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर टीम दोपहर 12 बजकर 20 मिनट से 12 बजकर 45 मिनट तक शहर के ऊपर उड़ान भरेगी। इस दौरान शहरवासी अपने घरों और छतों से इन हेलीकॉप्टरों की उड़ान का नजारा देख सकेंगे। यह उड़ान 2 नवंबर को होने वाले मुख्य एयर शो के पहले की ट्रायल है।
राज्योत्सव के मौके पर वायुसेना की ओर से बड़ा एयर शो आयोजित किया जा रहा है। यह शो 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंद लेक क्षेत्र में होगा। इस शो में सारंग टीम अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से लोगों को रोमांचित करेगी। गुरुवार को ही इसकी तैयारी शुरू हो गई है, जिसके तहत आज शहर के आसमान में हेलीकॉप्टरों की मूवमेंट रहेगी।
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का गठन 2003 में किया गया था। टीम ने फरवरी 2004 में सिंगापुर में आयोजित एशियन एयरोस्पेस एयर शो में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना प्रदर्शन किया था। उसके बाद से यह टीम देश और दुनिया के कई प्रतिष्ठित एयर शो में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी है। टीम अपने सटीक तालमेल और शानदार फॉर्मेशन के लिए जानी जाती है।
सारंग टीम में स्वदेश में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। इन हेलीकॉप्टरों पर मोर पंख से प्रेरित खास रंग और डिजाइन की गई है, जो इसकी पहचान है। टीम में कुल 5 हेलीकॉप्टर होते हैं। प्रदर्शन के दौरान आमतौर पर 4 हेलीकॉप्टर करतब दिखाते हैं और एक को बैकअप के तौर पर रखा जाता है।
सारंग टीम का मुख्य आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग है। इसमें कई हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी बनाकर एक साथ उड़ते हैं। इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेजी से ऊंचाई पर जाना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना जैसे करतब शामिल हैं। इस दौरान पायलटों को गति, दिशा और दूरी का बेहद सटीक संतुलन बनाना पड़ता है।
इससे पहले गुरुवार को एयर कमोडोर- एयर ऑफिसर कमांडिंग, हेडक्वार्टर एंटी नक्सल टास्क फोर्स नंदा कुमार बाला ने लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इस दौरान कैप्टन वैभव विशाल, जीपी कैप्टन अभिजीत कुमार, सीडीआर प्रियांशु, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह, स्क्वाड्रन लीडर विनय पाठक, लेफ्टिनेंट शशांक और लेफ्टिनेंट साई अक्षय मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में EOW और ED की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-बिलासपुर-राजनांदगांव में कई ठिकानों पर दबिश