
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर ने धार्मिक नारों को लेकर विवादित बयान दिया है। सोमवार को विमतारा भवन में आयोजित संगठन की कार्यकर्ता कार्यशाला में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाओ कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा है, उसका गर्भपात हो जाए। उनकी इस टिप्पणी ने आयोजन को चर्चा में ला दिया है।
गौर ने अपने संबोधन में हनुमान जी के लंका पहुंचने से जुड़े प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि हनुमान जी के जय श्रीराम उद्घोष से लंका में राक्षसनियों के गर्भ में पल रहे बच्चों का गर्भपात हो गया था। इसी प्रसंग का हवाला देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से जोर-जोर से जय श्रीराम के नारे लगाने को कहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नारे भी लगाए।कार्यशाला में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े महिला, पुरुष और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- वन्यजीवों के लिए रेल पटरियां बन रहीं काल, बालाघाट में बाघ शावक के बाद अब उमरिया में ट्रेन से कटकर भालू की मौत
हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियाें की समीक्षा
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डा. प्रवीण तोगड़िया साेमवार से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर है। पहले दिन वे जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
तोगड़िया अपने प्रवास के दौरान रायगढ़ और अंबिकापुर भी जाएंगे।। निर्धारित प्रवास पूरा होने पर वे वापस रायपुर लौटेंगे और यहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।