
नईदुनिया, प्रतिनधि, रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलयारी चौकी एरिया में हुए नाबालिग दुष्कर्म मामले में पुलिस ने सौदेबाजी के आरोप में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भूषण यादव उर्फ चवन्नी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दुष्कर्म के मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए की गई सौदेबाजी में उसकी भी भूमिका थी। पुलिस के अनुसार, घटना को दबाने के एवज में उसे 500 रुपये मिले थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भूषण यादव कथित पत्रकार उस्मान सैफी का करीबी बताया जा रहा है। मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद आरोप लगा था कि कुछ लोगों ने मामले को दबाने और समझौता कराने का प्रयास किया। जांच में सौदेबाजी की बात सामने आने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। इससे पहले पुलिस कथित पत्रकार, एक कांग्रेस नेता, एक भाजपा नेता, दुष्कर्म के दो मुख्य आरोपितों, पीड़िता के दादा और अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।