
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सात और आठ अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में 72 से अधिक कंपनियां 11,700 पदों पर भर्ती करेंगी।
रोजगार विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार इनमें आधे पद छत्तीसगढ़ में और आधे राज्य के बाहर के लिए हैं। पदों और योग्यता के अनुसार युवाओं को 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
मेले में 10वीं और 12वीं पास से लेकर आइटीआइ, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए पास युवाओं के लिए अवसर हैं। कंपनियों द्वारा फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीन आपरेटर, मेकेनिकल इंजीनियर, सर्विस इंजीनियर, सिक्योरिटी गार्ड, डिलीवरी और केयरटेकर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। नर्सिंग के पदों पर अनुभव के आधार पर 7 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
चयनित युवाओं को छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर, जशपुर, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव और कवर्धा में काम करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के लिए भी विभिन्न रिक्तियां हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को सात अक्टूबर तक ई-रोजगार पोर्टल (erojgar.cg.gov.in) पर जाकर 'रोजगार इच्छुक लागिन' विकल्प से आनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन के बाद ही युवा निर्धारित तारीख और समय पर मेला स्थल पर उपस्थित हो सकते हैं। विभाग द्वारा नियुक्ति मिलने के बाद तीन महीने तक फॉलोअप भी लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में साकार हो रहे अपने घर के सपने... नरदहा की रागिनी को मिला नया आशियाना, सरकार का जताया आभार