
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में राज झाला (20) और राजेश लोधी (35) शामिल हैं। दोनों मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपना ठिकाना और लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस ने इन्हें देवास से गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, एक और दो नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसे और करीब दो करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड लेकर फरार हो गए थे। आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे, ताकि पुलिस को घटना से जुड़े फुटेज न मिल सकें।
दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के सरगना राजेश झाला (43) निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास और चोरी के आईफोन खपाने वाले सफान खान (38) निवासी बड़वानी को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा गिरोह से जुड़े राज झाला और राजेश लोधी की तलाश की जा रही थी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 125 आईफोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया था। जब्त सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में फरार आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने मध्यप्रदेश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए राज झाला और राजेश लोधी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों को देवास से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई के साथ ही दो करोड़ रुपये के एप्पल स्टोर चोरीकांड में अब तक चार आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें कंजर गिरोह का सरगना राजेश झाला, राज झाला, राजेश लोधी और चोरी के आईफोन प्राप्त करने वाला सफान खान शामिल हैं। पुलिस अब जब्त इलेक्ट्रानिक सामान के अलावा चोरी के शेष माल की बरामदगी और गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में जांच कर रही है।
राजेश झाला (43), निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास (गिरोह का सरगना)।
सफान खान (38), निवासी जिला बड़वानी (चोरी के आईफोन प्राप्त करने वाला)।
राज झाला (20), निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास।
राजेश लोधी (35), निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास।
यह भी पढ़ें- रायपुर में सस्ते सोलर पैनल के नाम पर 1.28 करोड़ की ठगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार