
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। अच्छे भविष्य और मोटी कमाई की उम्मीद लेकर रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवकों के परिवार अब उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए प्रशासन और केंद्र सरकार से गुहार लगा रहे हैं। रायपुर के गुढ़ियारी निवासी टिकेश्वर साहू और बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एजेंटों ने नौकरी का झांसा देकर दोनों को रूस बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उन्हें ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। युवकों ने फोन और वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी आपबीती साझा की है। परिजनों ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को सुरक्षित स्वदेश लाने की मांग की है।
दोनों युवकों को टेलीग्राम एप के जरिए रूस में नौकरी करने का प्रस्ताव मिला था। संबंधित लोगों ने आने-जाने के हवाई टिकट, वीजा और वहां ठहरने का पूरा इंतजाम करने का भरोसा दिया था। परिवारों के मुताबिक, रूस की धरती पर कदम रखते ही हालात पूरी तरह बदल गए। अब एक तरफ परिवार को अपने बच्चों की जान की चिंता सता रही है, तो दूसरी तरफ वहां की कानूनी पेचीदगियों और उत्पीड़न के बीच उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिल पा रही है।
यह भी पढ़ें- नौकरी का झांसा देकर रूस में बिलासपुर के युवक को बनाया बंधक, युद्ध में जाने से इनकार पर मारपीट, भूखा रखा
रायपुर के श्रीनगर क्षेत्र में रहने वाले 38 वर्षीय टिकेश्वर साहू को सेल्स और मार्केटिंग का 17 साल का अनुभव है और वे पहले दुबई में भी काम कर चुके हैं। पत्नी मनोरमा साहू ने बताया कि टिकट और वीजा की सुविधा मिलने पर टिकेश्वर सात सितंबर 2026 को इंटरव्यू के लिए मास्को और फिर वोल्गोग्राद गए थे। उनकी वापसी का टिकट 23 सितंबर का था, लेकिन उससे पहले ही उनसे संपर्क टूट गया। 22 अक्टूबर को रूस से टिकेश्वर का फोन आया, जिसमें वे रोते हुए बता रहे थे कि पुलिस ने उन्हें ड्रग्स केस में फंसा दिया है और 15 से 20 साल की जेल की धमकी दी जा रही है। रूसी छात्रों की मदद से जब एक स्थानीय वकील ने 25 अक्टूबर को हिरासत में उनसे मुलाकात की, तो पता चला कि हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका से पीड़ित टिकेश्वर को नियमित दवाइयां तक नहीं दी जा रही हैं। वकील द्वारा मांगे गए गिरफ्तारी के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
यह भी पढ़ें- रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त, ओडिशा की महिला को नवजात के साथ बनाया बंधक, 3 महिलाएं अरेस्ट
बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार दुबे एक अक्टूबर को एक स्टोर में काम करने के लिए रूस गए थे। बहन आशी दुबे के अनुसार, कुछ दिन बाद विनीत ने भारत लौटने की इच्छा जताई, लेकिन इसके बाद संपर्क कट गया। बाद में एक अनजान व्यक्ति ने फोन कर नारकोटिक्स केस लगने की बात कही और वकील करने के नाम पर सात लाख रुपये मांगे। पैसे न देने पर 27 अक्टूबर को विनीत के पिता को फोन कर सूचना दी गई कि उसने आत्महत्या कर ली है, जिसे सुनकर पिता को दिल का दौरा पड़ गया। हालांकि, बाद में विनीत ने खुद बहन को फोन कर अपने जीवित होने की पुष्टि की।
विनीत ने एक वीडियो जारी कर बताया कि एयरपोर्ट से ही भारतीयों को अगवा कर अलग काम में धकेला जाता है और मना करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी जाती है। उसने भारत सरकार से अपील की है कि वहां फंसे सभी भारतीयों, छात्रों और पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जाए। दोनों पीड़ित परिवारों ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन और भारतीय व रूसी दूतावास को ईमेल भेजकर मदद की गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।