
नईदुनिया, प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से रकम वसूलने और उस पर लगातार दबाव बनाया गया। सुकमा की रहने वाली युवती को रायपुर बुलाकर पहले ट्रेनिंग और नौकरी का झांसा दिया गया, फिर बेहतर पद और अधिक वेतन दिलाने के नाम पर 46 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर बंधक बनाकर रखा गया। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सुकमा जिले के मस्तानपारा निवासी आयतु राम बेसरा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी साली किरण नाग नौकरी की तलाश में रायपुर आई थी। 11 जून को वह खमतराई स्थित श्रीनगर रोड के ट्रेनिंग सेंटर पहुंची, जहां उसे नौकरी का आश्वासन देकर इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद उसके शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो जमा करा लिए गए।
व्यवस्था के नाम पर 2500 रुपये जमा कराए गए
शिकायत में बताया गया है कि युवती से रहने और खाने की व्यवस्था के नाम पर 2500 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद चार दिनों तक ट्रेनिंग देने के बाद उसे बताया गया कि उसका चयन हो गया है। आरोप है कि सेंटर से जुड़े लोगों ने कहा कि बेहतर पद और 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी पाने के लिए 46 हजार रुपये जमा करने होंगे।
खेत गिरवी रखकर भेजे 15 हजार रुपये
युवती ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपितों ने कम वेतन वाली नौकरी का विकल्प बताकर भी दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक आरोपितों ने किसी भी तरह घर की जमीन-जायदाद बेचकर रकम की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि युवती के ससुराल पक्ष और पिता ने गांव की जमीन गिरवी रखकर 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। इसके बावजूद आरोपित लगातार शेष 31 हजार रुपये जमा कराने का दबाव बनाते रहे।
मोबाइल इस्तेमाल करने पर भी थी पाबंदी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती को केवल पैसे मांगने के लिए ही मोबाइल पर बात करने दी जाती थी। बाकी समय उससे मोबाइल का उपयोग नहीं करने दिया जाता था। युवती ने परिजनों को बताया कि पैसे जमा नहीं करने पर नौकरी नहीं लगाने और निगरानी में रखने की बात कहकर उसे डराया-धमकाया जा रहा था।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन 17 जून को रायपुर पहुंचे। पूछताछ में युवती ने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद शिकायत के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।