रायपुर में महिला की बेरहमी से हत्या, सिर और चेहरे पर सीमेंट पोल से वार, खून से सना टुकड़ा मिला
CG News: रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार में 28 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है।
Publish Date: Fri, 28 Aug 2026 11:33:04 AM (IST)Updated Date: Fri, 28 Aug 2026 11:34:56 AM (IST)
HighLights
- सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान
- सुबह सात बजे से पहले की घटना
- फिलहाल आरोपित की पहचान नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार में 28 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पड़ा मिला। उसके सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल के पास टूटा हुआ सीमेंट पोल का टुकड़ा मिला, जिस पर खून लगा हुआ था।
प्रथम दृष्टया पुलिस ने इसी टुकड़े से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव की पहचान बसंती निषाद के रूप में हुई
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान बसंती निषाद (28), पति सागर निषाद, निवासी ग्राम जुगेसर, थाना मंदिर हसौद के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह गांव के कोटवार विचार दास मानिकपुरी को किसन ढीढी ने जुगेसर उपरखार में एक महिला का शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद कोटवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान बसंती निषाद के रूप में की।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान
घटनास्थल पर महिला के सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोट के निशान मिले। शव के आसपास खून फैला हुआ था। वहीं पास में सीमेंट का पोल टूटा हुआ पड़ा था। उसके बड़े टुकड़े पर खून के निशान पाए गए। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगा।
सूचना मिलने के बाद मंदिर हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मर्ग जांच शुरू की। मर्ग जांच में महिला की मौत चोट पहुंचाए जाने से होने की बात सामने आने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया।
सुबह सात बजे से पहले की घटना
एफआईआर के अनुसार घटना 27 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे से पहले ग्राम जुगेसर उपरखार में हुई। कोटवार की रिपोर्ट पर पहले मर्ग कायम कर जांच की गई थी। जांच के दौरान हत्या की आशंका स्पष्ट होने पर मौके पर ही देहाती नालसी तैयार कर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। बाद में थाने में अपराध क्रमांक 397/2026 के रूप में मामला दर्ज किया गया।
आरोपित अज्ञात, पुलिस जुटी जांच में
मामले में फिलहाल आरोपित की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। महिला की हत्या किस वजह से और किसने की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस संभावित कारणों और संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। मंदिर हसौद थाना पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।