
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में इंटरनेट मीडिया के जरिए हनी ट्रैप जैसी साइबर ठगी की गई है। स्नैपचैट पर युवती बनकर बातचीत करने वाले युवक ने प्रेम संबंध का झांसा देकर 23 वर्षीय युवक से करीब 65 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित युवती से मिलने उसके गांव पहुंचा, तब पता चला कि उसकी आइडी का इस्तेमाल कोई और कर रहा था। इसके बाद उसने पंडरी थाने में एफआइआर दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, घनश्याम साहू मूल रूप से बिलासपुर जिले के केवटाडीह (भुतहा) का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर की दुबे कालोनी स्थित सर्वोदय अस्पताल के हास्टल में रहकर रिसेप्शन का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर ’थनवी साहू’ नाम की आइडी से उसकी पहचान हुई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और आरोपित ने खुद को युवती बताकर प्रेम संबंध का भरोसा जीत लिया।
कुछ समय बाद कथित युवती ने निजी परेशानियों का हवाला देकर अलग-अलग समय पर पैसों की मांग शुरू कर दी। भरोसे में आए घनश्याम ने 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच कई किस्तों में अपने यूपीआई खाते से कुल 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में घनश्याम जब गरियाबंद जिले के बासीन गांव में थनवी साहू से मिलने पहुंचा, तब उसे पता चला कि जिस आईडी से वह बात कर रहा था, उसका इस्तेमाल अमन साहू नाम का युवक कर रहा था। आरोपित ने कथित तौर पर युवती की पहचान का दुरुपयोग कर उससे ठगी की।
यह भी पढ़ें- सावधान! 5 रुपए भेजते ही PhonePe से कट गए 98,999 रुपये, मोबाइल अपडेट का मैसेज आते ही ना करें क्लिक
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने सबसे पहले 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पंडरी थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस अब शिकायत में दिए गए मोबाइल नंबरों, यूपीआइ ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और साइबर ट्रेल की जांच कर रही है।