
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल हैकिंग और फर्जी पार्सल पेमेंट के जरिए साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पीड़ितों के खातों से कुल 1 लाख 57 हजार 999 रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले घटना में गीता भवन गुलाब बाग निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र पुरुषोत्तम कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नेहरू बालवाड़ी स्थित राधारानी मार्केट में स्वीटी जनरल स्टोर नाम से कास्मेटिक की दुकान है। सात जुलाई की सुबह करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर मोबाइल अपडेट करने का एक संदेश आया। जैसे ही उन्होंने संदेश पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। दो दिन बाद जब वह एक्सिस बैंक से राशि निकालने पहुंचे तो खाते से 59 हजार रुपये गायब मिले।
बैंक स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि सात जुलाई को अज्ञात साइबर ठग ने उनके खाते से अनाधिकृत ट्रांजेक्शन कर राशि निकाल ली। पीड़ित का कहना है कि खाते से रुपये कटने का कोई एसएमएस भी उन्हें प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, इसके बाद सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दी।
दूसरे मामले में डा. अंबेडकर नगर अटेर रोड निवासी 67 वर्षीय रामनारायण सखवार पुत्र रामदयाल सखवार ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे अपने मोबाइल नंबर 7052941... पर फोनपे एप का उपयोग करते हैं। रामनारायण सखवार के अनुसार 15 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर नंबर 9288697217 से काल आया। उस समय उनकी बेटी पिंकी ने फोन उठाया। कॉल करने वाले ने कहा कि पार्सल वापस न जाए, इसके लिए 5 रुपये का भुगतान करना होगा।
फरियादी के अनुसार 5 रुपये भेज दिए। अगले दिन जब उन्होंने फोनपे की हिस्ट्री और खाते का बैलेंस चेक किया तो पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 34,800 रुपये, 15,200 रुपये, 35,000 रुपये, 10,000 रुपये और 3,999 रुपये कटे हुए दिखाई दिए। कुल राशि 98,999 रुपये थी। इसके बाद वे सेंट्रल बैंक आफ इंडिया पहुंचे, जहां बैंक स्टेटमेंट में भी उक्त राशि फोनपे के माध्यम से कटना पाया गया।
यह भी पढ़ें- APK फाइल का खौफ: बिलासपुर में पुलिसकर्मी का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से उड़ाए 29 हजार
फरियादी ने बताया कि यह राशि यूपीआइ आइडी 9229855823@अमन में ट्रांसफर हुई है। उन्होंने पहले एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी और अब थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोबाइल अपडेट, केवाईसी, पार्सल डिलीवरी या किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। ओटीपी, यूपीआइ पिन या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। निरंजनसिंह राजपूत, सीएसपी भिंड।