राजनांदगांव में बीजेपी नेता की अभद्रता, सड़क निर्माण में लगे कर्मचारियों को धमकाया और पीटा; 50 लाख की मांग
भाजपा नेता भरत वर्मा का इंटरनेट मीडिया पर राजनांदगांव-मानपुर सड़क कार्य में संलग्न ठेकेदार के कर्मियों को धमकाते हुए उनका विडियो प्रसारित हुआ है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 07:18:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 07:22:48 PM (IST)
बीजेपी नेता पर लगे 50 लाख मांगने के आरोप, नईदुनियाHighLights
- बीजेपी नेता पर लगे 50 लाख मांगने के आरोप..
- ठेकेदार के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट
- सहकारी बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा का वीडियो वायरल
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। भाजपा नेता और सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा विवादों से घिर गए हैं। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर राजनांदगांव-मानपुर सड़क कार्य में संलग्न ठेकेदार के कर्मियों को धमकाते हुए उनका विडियो प्रसारित हुआ है। इसमें वे अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए ठेकेदार के कर्मचारियों से बदसलूकी करते दिख रहे हैं।
कर्मियों ने मामले की शिकात एसपी अंकिता शर्मा से की है। दावा किया है साईट पर नेता ने कर्मचारी से मारपीट भी की। आरोप लगाए गए हैं कि वे मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल की फर्म के एमडी नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा प्रदेश स्तर पर जारी है।
निर्माण कार्य की नहीं आई जांच रिपोर्ट
बता दें कि, पूर्व में भरत वर्मा ने राजनांदगांव से खैरागढ़ और राजनांदगांव से मानपुर तक बन रही कुल 380 करोड़ की लागत की सड़क के निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत भी की थी। इस शिकायत पर प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया था। 5-6 अक्टूबर को अधिकारियों ने निर्माण कार्य की जांच भी की थी। इसकी रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है।
इधर, शुक्रवार की सुबह भरत वर्मा सड़क निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उन्होंने कुमर्दा-घुपसाल के बीच निरीक्षण के दौरान कार्य में संलग्न कर्मचारियों से अभद्रता शुरु कर दी। इस बीच कंपनी के एक चालक द्वारा विरोध करने पर उन्होंने उससे मारपीट भी की।
प्रोजेक्ट मैनेजर पहुंचे पुलिस अधीक्षक कार्यालय
घटनाक्रम के बाद कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू अपने कर्मचारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विडियो पुलिस को सौंपने के साथ ही लिखित शिकायत दी।
इसमें आरोप लगाया गया है कि भरत वर्मा अपने पद की धौंस दिखाकर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि शुक्रवार को उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए मारपीट भी की। इसके बाद कर्मचारियों ने काम को बंद कर दिया।